March 19, 2026
19 march 6

भठिंडा में नेशनल मास्टर एथलीट चैंपियनशिप, गांव लौटने पर हुआ स्वागत

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : भिवानी जिले के गांव हेतमपुरा के कुलदीप ने भटिंडा के तलबंदी साबो यूनिवर्सिटी में 14 से 16 मार्च तक आयोजित 45वीं नेशनल मास्टर एथलीट चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 10 किलोमीटर की दौड़ में भाग लिया और मेडल अपने नाम किया। नेशनल स्तर पर पदक जीतकर जब कुलदीप अपने पैतृक गांव हेतमपुरा पहुंचे, तो ग्रामीणों और खेलप्रेमियों ने उसका स्वागत किया।

माता-पिता और गुरू को दिया श्रेय

इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि कुलदीप की यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए एक प्रेरणा है कि मेहनत के दम पर राष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है। कुलदीप ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता-पिता और गुरु को दिया। उन्होंने कहा कि आज वे जो कुछ भी हैं, अपने पिता पालाराम और माता किताबो देवी के आशीर्वाद व कोच सुनील भुक्कल के मार्गदर्शन की बदौलत हैं ।

सरकार से मदद की गुहार

कुलदीप ट्रैक पर नए खिलाड़ी नहीं हैं। इससे पूर्व भी उन्होंने भिवानी में आयोजित मैराथन में द्वितीय स्थान हासिल किया था। इसके अलावा अन्य प्रतियोगिताओं में वे पहले भी पदक जीत चुके हैं। पदक विजेता कुलदीप ने इस खुशी के मौके पर सरकार से मदद की गुहार भी लगाई है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की ओर से डाइट, आधुनिक ट्रेनिंग और आर्थिक सहायता मिले, तो वे आने वाली अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने का जज्बा रखते है।