- होटल-रेस्टोरेंट और अस्पतालों में घरेलू गैस के दुरुपयोग, नहीं मिला रिकॉर्ड
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में एलपीजी की कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया। एसडीएम अभिनव सिवाच के नेतृत्व में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट, निजी अस्पताल और दुकानों पर औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान टीम ने कुल 52 गैस सिलेंडर जब्त किए। जांच का मुख्य उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अवैध भंडारण पर रोक लगाना था।
अस्पताल और रेस्टोरेंट में मिली गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान जीवन ज्योति हॉस्पिटल के किचन से 3 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल व्यावसायिक कार्य में किया जा रहा था। वहीं दिल्ली-रोहतक रोड स्थित एक रेस्टोरेंट (बर्गर किंग), दलाल डेयरी, एक होटल और झज्जर रोड पर बीकानेर स्वीट्स से 49 गैस सिलेंडर मिले। संबंधित संचालक इन सिलेंडरों के बारे में संतोषजनक जवाब और रिकॉर्ड पेश नहीं कर पाए, जिसके बाद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया।
जमाखोरी पर सख्त नजर- SDM
एसडीएम अभिनव सिवाच ने कहा कि प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है, ताकि आम उपभोक्ताओं को गैस की कृत्रिम किल्लत या बढ़ी हुई कीमतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाना चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की जनता से अपील
एसडीएम ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं एलपीजी की जमाखोरी या अवैध उपयोग की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।