March 18, 2026
18 march 3
  • दरवाजा उखड़कर दूर गिरा, पड़ोसियों के भी घर हिले

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बुधवार सुबह एक घर में गैस सिलेंडर में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। शाहाबाद के यारा गांव में हुए इस हादसे में तीन बच्चों समेत परिवार के 8 सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें पड़ोसियों ने तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सिलेंडर में धमाका इतना जोरदार था कि रसोई की टाइलें टूट गईं, घर की दीवारों में दरारें आ गईं और दरवाजा उखड़कर दूर जा गिरा। धमाके की वजह से आसपास के घरों में भी कंपन महसूस हुई।

सुबह खाना बनाते वक्त हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे यारा गांव में गीता देवी अपनी रसोई में गैस पर खाना बना रही थीं। तभी अचानक सिलेंडर में धमाके के साथ आग लग गई। गैस लीक होने से पूरा घर आग की चपेट में आ गया, जिससे घर में सो रहे लोग भी झुलस गए। आग लगने से घर में चीख-पुकार मच गई और धमाके की वजह से आसपास के घर भी हिल गए। इस हादसे में गीता देवी, उनके पति रुपेंद्र कुमार, चरणों देवी, आंचल, वैष्णवी, कोमल और बांका समेत परिवार के आठ सदस्य झुलस गए।

फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग

आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और 112 पर कॉल करके फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। जांच में पता चला कि सिलेंडर में लगी पिन प्रेशर की वजह से अचानक निकल गई थी, जिससे सिलेंडर में धमाका हो गया। गैस फैलने से आग भड़क गई। फिलहाल, घटना की जांच की जा रही है।

गैस की स्मैल आई तो घर पहुंचा

रोहित सैनी ने बताया कि वह सुबह उठा तो उसे गैस की स्मैल आई। अपने घर में चेक करने के बाद वह बाहर आया, तो पड़ोस के घर से स्मैल आ रही थी। वह अपने पड़ोसी रुपेंद्र को बताने के लिए उसे घर के बाहर आया तो तभी धमाका हो गया।

तेज धमाके से घर हिल गया

एक और पड़ोसी ने बताया कि सुबह उसे पड़ाेस में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। वह भाग कर पड़ोसी के घर आया तो परिवार के लोग आग से झुलसे हुए थे। उनके कपड़े जल गए थे। आसपास के लोगों की मदद से एम्बुलेंस में उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घर के अंदर नीचे-नीचे आग फैली हुई थी। धमाके से रसोई के साथ लगा दरवाजा उखड़कर दूर जाकर गिरा।