- पहाड़ों पर बर्फबारी का असर, 5 डिग्री तक गिरा तापमान
- कल से बारिश की संभावना
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : पहाड़ों में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में फिर से ठिठुरन बढ़ गई है। हरियाणा में सुबह और शाम के समय ठंड महसूस हो रही है। अनुमान है कि कल (19 मार्च) से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
20 मार्च को राज्य के अधिकतर जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम में बदलाव के कारण कई शहरों के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले 3 दिनों में तापमान और गिर सकता है।
अधिकतम तापमान 0.3°C तक गिरा
हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब बना रहा, हालांकि राज्य के औसत अधिकतम तापमान में कल की तुलना में 0.3°C की गिरावट दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक गर्मी नूह में रही, जहां तापमान 32.3°C तक पहुंच गया। गुरुग्राम में तापमान 32.0°C, पलवल में 32.2°C और अंबाला में 29.7°C रिकॉर्ड किया गया। गौर करने वाली बात यह है कि नारनौल में सामान्य से 5.8°C की भारी गिरावट देखी गई।
न्यूनतम तापमान 1.7°C तक गिरा
प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान कल की तुलना में 1.7°C गिरा है, जो सामान्य से 2°C कम है। राज्य का सबसे ठंडा स्थान सिरसा रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 10.3°C पर आ गया। हिसार में भी तापमान सामान्य से 4.8°C नीचे गिरकर 11.0°C दर्ज किया गया।
तापमान में आई इस गिरावट से राज्य के अधिकांश हिस्सों में रात और सुबह के समय हल्की ठिठुरन महसूस की गई। पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं भी वर्षा नहीं हुई है।