- जय शाह, कोहली-धोनी समेत 900 मेहमानों का आना संभव
- VVIP को लाएंगे 4 चार्टर्ड प्लेन
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव का आज लखनऊ में रिसेप्शन है। कुलदीप ने 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ शादी की थी। उत्तराखंड के मसूरी में परिवार और करीबी लोगों की मौजूदगी में शादी हुई थी।
रिसेप्शन में ICC चेयरमैन जय शाह, टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली समेत 900 से ज्यादा मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। VVIP मेहमानों के लिए 4 चार्टर्ड प्लेन का इंतजाम किया गया है। राजनीति, उद्योग और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां भी रिसेप्शन में शामिल हो सकती हैं।
परिवार के करीबियों ने बताया कि रिसेप्शन में कुलदीप की IPL टीम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी, बीसीसीआई और आईसीसी से जुड़े अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई VVIP मेहमानों को निमंत्रण दिया गया है।
होटल का किराया 26 लाख रुपए से ज्यादा
परिवार के सूत्रों के मुताबिक रिसेप्शन के लिए सेंट्रम होटल को पूरे दिन के लिए 26 लाख रुपए में बुक किया गया है। वेन्यू को एक शाही महल का लुक देने के लिए 7 लाख रुपए सिर्फ फूल, लाइट्स और स्टेज की सजावट पर खर्च किए जा रहे हैं। खाने-पीने, कमरे, जगह और सजावट का खर्च 33 लाख रुपए के पार है।
5 हजार रुपए की एक थाली, 52 डिशेज और लाइव कुकिंग स्टेशन
परिवार के करीबी सूत्रों की मानें तो मेहमानों की खातिरदारी में कोई कमी न रहे, इसके लिए होटल के खास ‘प्लेटिनम’ पैकेज का चुनाव किया गया है। प्लेटिनम मिक्स डिनर होटल का सबसे भव्य पैकेज है, जिसमें एक प्लेट की कीमत टैक्स मिलाकर 5000 रुपए से ज्यादा है।
इसमें मेहमानों को 52 शानदार डिशेस के साथ-साथ लाइव कुकिंग स्टेशन की सुविधा भी मिलेगी। इस पैकेज में 8 वेलकम ड्रिंक्स, 2 लाइव कुकिंग स्टेशन, 1 वेज बिरयानी और 3 प्रीमियम आइसक्रीम सहित कुल 52 डिशेस शामिल की गई हैं।
होटल की ओर से 200ml की ब्रांडेड पानी की बोतलें सर्व की जाएंगी, जिसमें हिमालया या वेदिका जैसे प्रीमियम ब्रांड रखे गए हैं।
लेबर्नम लॉन’ में सजेगी महफिल
इस ग्रैंड रिसेप्शन के लिए होटल के सबसे बड़े और शानदार वेन्यू का इस्तेमाल किया गया है। लेबर्नम लॉन होटल का सबसे बड़ा खुला हिस्सा है। वहीं, VVIP मेहमानों के रुकने के लिए ‘द सेंट्रम’ में एग्जीक्यूटिव सूइट बुक किए गए हैं, जिसका एक दिन का किराया 30,000 रुपए है।
जबकि रिश्तेदार और परिवार के लोगों के लिए डीलक्स और प्रीमियम रूम बुक हैं। इनका किराया करीब 16,000 रुपए है। होटल के सेंट्रम विला को बड़े सितारों और राजनेताओं के लिए बुक किया गया है, जिसका किराया 45,000 रुपए है।