March 17, 2026
17 march 3
  • पैर में लगी गोली, लूट-हत्या के 11 केस दर्ज, फरीदाबाद में लूटा था 64 लाख का सोना

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के फरीदाबाद में मंगलवार तड़के क्राइम ब्रांच और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें सरूरपुर में ज्वेलरी शॉप में हुई 64 लाख रुपए के सोने की लूट के मामले में वांछित चल रहा कुख्यात बदमाश धर्मवीर उर्फ बाबू पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के पैर में गोली लगी, जिस पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी पर हरियाणा के साथ-साथ यूपी में भी लूट और हत्या जैसे करीब 11 संगीन मामले दर्ज हैं। ज्वेलरी शॉप पर हुई लूट के मामले में उसके दो साथी, जावेद और साकिब पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। यह वांछित चल रहा था।

पुलिस का कहना है कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद बदमााश धर्मवीर से पूछताछ की जाएगी। उधर, मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी भी मौक पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

यहां जानिए कैसे पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात बदमाश…

साथी से मिलने आया था बदमाशा धर्मवीर: क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि पर सूचना मिली थी कि सरूरपुर ज्वेलरी लूट का आरोपी धर्मवीर उर्फ बाबू दिल्ली से फरीदाबाद में अपने किसी साथी से मिलने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुगलकाबाद-सूरजकुंड रोड पर नाका लगाकर निगरानी शुरू की।

सुबह 5:30 बजे बाइक पर आया: नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने देखा कि बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर एक युवक आ रहा है। पुलिस ने उसको रुकने का इशारा किया। इसके बाद युवक ने बाइक दौड़ा दी। बाद में बाइक को छोड़कर जंगल की ओर भागने लगा।

पुलिस ने डाला घेरा तो फायरिंग की: धर्मवीर उर्फ बाबू को भागते देख पुलिस ने पीछा कर उसको घेर लिया। पुलिस ने उसको चेतावनी दी तो आरोप है कि उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपी के सीधे पैर में जा लगी।

पुलिस ने घायल अवस्था में दबोचा: इसके बाद पुलिस ने आरोपी धर्मवीर उर्फ बाबू को काबू कर लिया। मौके से वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद की गई। बाद में बदमाश की बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

यूपी-हरियाणा में दर्ज हैं 11 केस : क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 के इंचार्ज अनिल कुमार के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश धर्मवीर उर्फ बाबू एक शातिर अपराधी है, जिस पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लूट, हत्या, फिरौती और हत्या के प्रयास के 11 मुकदमे दर्ज हैं। वह 11 मार्च को सरूरपुर गांव के सैनी चौक पर हुई ज्वेलरी शोरूम लूट की वारदात के बाद से फरार चल रहा था। इस मामले में उसके दो साथी, जावेद और साकिब, पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

बड़े शोरूम को लूटने की फिराक में था : प्रारंभिक पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि धर्मवीर फरीदाबाद में किसी बड़े शोरूम को निशाना बनाने की फिराक में था। फिलहाल आरोपी का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस इस गैंग के एक अन्य फरार सदस्य रेहान उर्फ रॉबिन की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का मानना है कि धर्मवीर के ठीक होने के बाद पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा हो सकता है।

ज्वेलरी शॉप में लूटपाट…

बाइक पर आए थे तीन बदमाश: मुजेसर थाना क्षेत्र के सुरूरपुर गांव में सैनी चौपाल के पास 11 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे 3 बदमाश श्रीजी ज्वेलर्स के शोरूम में पहुंचे थे। तीनों बाइक पर सावर होकर आए थे। इसके बाद एक बदमाश शोरूम के बाहर और दो बदमाश अंदर चले गए।

अंदर घुसते ही पिस्टल तान दी: शोरूम में एंट्री करते ही एक बदमाश ने मालिक पर पिस्टल तान दी थी। जबकि दूसरा बदमाश इधर- उधर सोनी की ज्वेलरी देखने लगा। कुछ ही देर में बदमाशों ने अलमारी में रखी सोनी की चेन, कंगन, अंगूठी और अन्य ज्वेलरी लूट ली थी।

पिस्टल की गोलियां दिखाई: शोरूम मालिक संजय वर्मा ने बताया था कि बदमाश ने अंदर घुसते ही जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी बंदूक दिखाने लगे, जिसमें कई गोलियां भरी हुई थीं। इसके बाद अलमारी में रखी गोल्ड की ज्वेलरी निकालने के लिए कहा। दुकान से बाहर जाते हुए बदमाशों ने मेरा सोने का कड़ा भी हाथ से निकलवा लिया।

हेलमेट पहनकर पहुंचा था एक बदमाश: सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची थी। सीसीटीवी फुटेज में यह वारदात कैद हो गई थी, जिसमें एक बदमाश ने हेलमेट और 2 बदमाशों ने कपड़े से अपना चेहरा ढका हुआ था। एक बदमाश ने हाथ में पिस्टल और दूसरे ने चाकू लिया हुआ था। इसके बाद पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश कर रही थी।