- पानीपत-गुरुग्राम में रात को आंधी-बारिश
- यमुनानगर में बिजली का तार टूटा, कई जगह फसल खराब
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में रविवार को हुई बारिश के बाद अधिकतक तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। आज सोमवार को भी कई जिलों में बादल छाए हैं और उतरी जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। कल हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान भी पहुंचा है। आंधी और बारिश के कारण गेहूं की खड़ी फसल भी खराब हो गई। मौसम विभाग के अनुसार 18 मार्च को फिर से मौसम में बदलाव होगा।
दूसरी तरफ यमुनानगर में रविवार देर रात आई तेज बारिश और आंधी-तूफान के दौरान शिव कॉलोनी के पास हाई वोल्टेज बिजली की लाइन का तार रेलवे लाइन के ऊपर से गुजर रहे तारों पर आ गिरा। स्थिति को गंभीर देखते हुए स्टेशन मास्टर ने तुरंत एहतियात के तौर पर ट्रेनों को रुकवा दिया। तार गिरने से आसपास के दो घरों में बिजली के उपकरण भी जल गए।
कई जिलों में ओले गिरे
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण रविवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में बारिश-आंधी का दौर रहा। वहीं पांच जिलों में ओले गिरे। इसका राज्य में तापमान पर भी पड़ा है। सबसे अधिक तापमान महेंद्रगढ़ (AWS) में 33.2°C दर्ज किया गया। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तापमान नीचे गिरा है। सिरसा (AWS) में सबसे अधिक 5.3°C की गिरावट देखी गई। हालांकि वर्तमान तापमान राज्य के सामान्य औसत के करीब ही बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, 16-18 मार्च को बारिश और 19-20 मार्च को तेज हवा के साथ बारिश, और ओले गिर सकते हैं। सोमवार को भी प्रदेश के उत्तरी जिलों में बारिश होने या बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
सोनीपत-रोहतक में आंधी से गेहूं की फसल गिरी
हरियाणा में रविवार को पानीपत, अम्बाला, गुरुग्राम, रेवाड़ी, जींद और कैथल में बारिश के साथ ओले पड़े हैं, जबकि यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, हिसार, सोनीपत, करनाल, पलवल व रोहतक में आंधी के बाद बारिश हुई, जिससे कई जगह गेहूं की फसल गिर गई।
बारिश की बात करें तो सबसे ज्यादा वर्षा मेवात के मंढोला क्षेत्र में 4.0 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा करनाल के इन्द्री में 3.5 मिमी और गुरुग्राम में 1.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं अंबाला में भी हल्की बूंदाबांदी हुई, जहां 0.2 से 0.3 मिमी तक बारिश दर्ज की गई।
हिसार व सिरसा में भी गिरा पारा
तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट हिसार और सिरसा में देखने को मिली। हिसार में पारा 5.2 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में 5.3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। अचानक आई इस गिरावट से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।
18 से फिर बदलेगा मौसम
हरियाणा में 18-21 मार्च के दौरान कहीं-कहीं तेज गति की हवाओं अंधड़ आंधी (30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने) व हल्की बारिश बूंदाबांदी और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है।