- उत्तरी जिलों में यलो अलर्ट , तेज हवा चलेगी, तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग की ओर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। उम्मीद है कि पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तपती गर्मी के बीच लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि बारिश-ओलावृष्टि और आंधी से खेतों में ड़ी फसलों व सब्जियों को नुकसान भी पहुंच सकता है। कई जिलों में सुबह से बादल भी छाए हैं।
मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च के लिए यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राज्य के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। 17 मार्च को भी कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
जानिए हरियाणा में कैसा है दिन और रात का मौसम…
गर्मी से मामूली राहत : हरियाणा में आज बादलवाई और हवाओं के रुख में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में औसतन 0.4°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, इसके बावजूद राज्य में तापमान सामान्य से 3.1°C अधिक बना हुआ है। आज राज्य में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 32.9°C रिकॉर्ड किया गया। आने वाले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिलेगी।
सामान्य से ऊपर बनी हुई है रातें : राज्य में औसत न्यूनतम तापमान में आज कोई खास बदलाव नहीं देखा गया, लेकिन यह सामान्य से 4.5°C अधिक दर्ज किया गया है। वर्तमान में रातें काफी गर्म महसूस हो रही हैं। आज हरियाणा का सबसे कम न्यूनतम तापमान करनाल में 15.6°C दर्ज किया गया।अन्य प्रमुख शहरों जैसे चंडीगढ़ में 17.1°C और अंबाला में 19.8°C न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह के दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है।