March 12, 2026
12 march 9
  • पति IT इंस्पेक्टर, तीसरे प्रयास में सफलता, निधि बोलीं-कामयाबी का कोई शॉर्टकट नहीं

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र की बेटी निधि बंसल गुजरात न्यायिक सेवा 2025 की परीक्षा पास कर सिविल जज बनी हैं। उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की। निधी बंसल मूल रूप से शाहाबाद के कुम्हारों वाली गली की रहने वाली हैं। शाहाबाद से ही उन्होंने अपने कॉलेज तक की पढ़ाई की।

शाहाबाद के आर्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से उन्होंने साल 2008 में 12वीं पास की। इसके बाद 2011 में आर्य कन्या कॉलेज शाहाबाद से बी.कॉम की डिग्री हासिल की। बी.कॉम के बाद उन्होंने न्यायिक सेवा में जाने का टारगेट रखा। साल 2014 में उन्होंने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से LLB और 2017 में LLM की डिग्री हासिल की।

राजस्थान में हुई शादी

निधि बंसल की शादी साल 2017 में राजस्थान के हनुमानगढ़ के रहने वाले कार्तिक बंसल के साथ हुई। उनके पति कार्तिक बंसल इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर हैं। फिलहाल वे गुजरात में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी पोस्टिंग के चलते परिवार गुजरात के मेहसाणा में रह रहा है।

गुजरात में करती रहीं वकालत

परिवार गुजरात में होने के चलते निधि ने साल 2024 से मेहसाणा जिला कोर्ट में वकालत और प्रैक्टिस करती रहीं। इससे उनको न्यायिक प्रक्रिया का अच्छा खासा अनुभव भी मिल गया। इस अनुभव का फायदा उनको न्यायिक सेवा की परीक्षा में भी मिला। अब उनकी 10 साल की मेहनत रंग लाई।

तीसरी बार में मिली सफलता- निधी

बातचीत में निधि बंसल ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने का रास्ता आसान नहीं था। उनको 2 बार असफलता का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने तैयारी नहीं छोड़ी। वे लगातार 2017 से मेहनत कर रही थीं। अपने तीसरे प्रयास में उन्होंने यह परीक्षा पास कर लिया।

पति और परिवार ने साथ दिया

उन्होंने अपनी सफलता को अपने पति और परिवार को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि हर कदम पर उनके पति ने उनका साथ दिया। मुश्किल हालत में उनका हौसला नहीं टूटने दिया। उनका कई बार हार मानने का मन भी हुआ, लेकिन उनके पति और परिवार ने उनको आगे बढ़ने की ताकत दी।

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता- निधी

उन्होंने कहा कि कामयाबी का कोई शॉर्टकट नहीं फार्मूला नहीं होता। जीवन में उतार-चढ़ाव आते ही रहते हैं, लेकिन अपनी मेहनत और धैर्य से अपने टारगेट तक पहुंचा जा सकता है। हां, अपनी नाकामयाबी से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि उससे सीख लेना जरूरी है।