- दो दिन मौसम रहेगा शुष्क, कल हल्की बादलवाई की संभावना
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर तेज होने लगा है। राज्य के 3 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। सबसे ज्यादा 36.2°C तापमान महेंद्रगढ़ में दर्ज किया गया। वहीं नारनौल में 35.6°C और चरखी दादरी में 35.1°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। गुरुग्राम और भिवानी में भी पारा करीब 35°C तक पहुंच गया।
रात के तापमान की बात करें, तो सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 19.9°C भिवानी में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम 15.2°C महेंद्रगढ़ में रहा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य में 12 मार्च तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 11 मार्च तक कहीं-कहीं हल्की बादलवाई रह सकती है और बीच-बीच में हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेगी।
33 डिग्री से ऊपर 12 शहरों में तापमान
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 12 शहरों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें महेंद्रगढ़ 36.2°C के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा नारनौल 35.6°C, चरखी दादरी 35.1°C, गुरुग्राम 35.0°C, भिवानी (AWS) 35.0°C और हिसार 34.9°C तापमान दर्ज किया गया।
वहीं नूंह 34.8°C, भिवानी 34.5°C, गुरुग्राम 34.5°C, पलवल 34.4°C और गुरुग्राम 33.5°C रहा। मार्च के पहले सप्ताह में ही कई शहरों में तापमान 33 डिग्री पार होने से दिन में गर्मी का असर साफ महसूस होने लगा है।
रातें भी हो रहीं गर्म
राज्य में रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है। भिवानी में 19.9°C के साथ सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा गुरुग्राम, रोहतक, अंबाला और हिसार में भी रात का तापमान 18 से 19 डिग्री के बीच रहा।
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री तक अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे रात के समय भी हल्की गर्माहट महसूस हो रही है। हालांकि महेंद्रगढ़ में 15.2°C के साथ राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
12 मार्च तक मौसम रहेगा खुश्क
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डॉगर के अनुसार हरियाणा में 12 मार्च तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। 11 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में हल्की बादलवाई देखने को मिल सकती है।
इस दौरान हवाओं की दिशा में बदलाव होगा और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है। दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।