March 5, 2026
5 march 7
  • इसी महीने समर शेड्यूल होगा जारी, टिकट पर 30.50 करोड़ की सब्सिडी

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के इकलौते महाराजा अग्रसेन हवाई अड्‌डे से जल्द ही दो और स्थानों के लिए फ्लाइट शुरू हो सकती है। एयरपोर्ट से चार स्थानों के लिए अभी सेवाएं चल रही हैं। जिसमें दिल्ली, अयोध्या, चंडीगढ़ और जयपुर शामिल है। अब हरियाणा सरकार जल्द ही अहमदाबाद और जम्मू के लिए फ्लाइट शुरू कर सकती है, समर शेड्यूल में दोनों फ्लाइट की घोषणा हो सकती है।

इसी महीन एविएशन कंपनी एलायंस एयर अपना शेड्यूल जारी करेगी। पहले अहमदाबाद और इसके बाद जम्मू के लिए फ्लाइट शुरू होगी। चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट को ही जम्मू तक एक्टेंड किया जा सकता है। वहीं सरकार भी हवाई सेवाओं को कामयाब करने के लिए पूरी मदद कर रही है। बजट 2025-26 के अनुसार, एक साल में कुल 30.50 करोड़ रुपए की सब्सिडी एयरलाइंस को दी जा रही है।

इसमें NSOP-उड़ान के तहत 30 करोड़ और RCS-उड़ान के तहत 50 लाख रुपए शामिल हैं। यह पूरी राशि सीधे तौर पर सरकार के खजाने से जा रही है, यानी टिकट सस्ती रखने का 30.50 करोड़ का सालाना बोझ राज्य पर पड़ा।

सरकार पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा

उड़ान स्कीम के तहत एयरलाइंस को वायबिलिटी गैप फंडिंग दी जाती है, ताकि कम यात्री संख्या वाले रूट भी चलते रहें। 2025-26 में 30.50 करोड़ का प्रावधान दिखाता है कि राज्य सरकार अब क्षेत्रीय हवाई सेवाओं को स्थायी बनाने के लिए ज्यादा सब्सिडी दे रही है। इसके अलावा नागरिक उड्डयन विभाग का कुल रेवेन्यू बजट 39.81 करोड़ रुपए है। यानी टिकट सब्सिडी अकेले ही विभाग के बड़े हिस्से पर कब्जा कर रही है।

रात में सेवाएं शुरू हो सकती है

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को हिसार एयरपोर्ट पर इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट रूल्स (IFR) के तहत विमान संचालन की DGCA से मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही अब हिसार एयरपोर्ट से न सिर्फ दिन बल्कि रात के समय और खराब मौसम में भी उड़ानों का संचालन संभव हो सकेगा।

अब तक हिसार एयरपोर्ट पर केवल विजुअल फ्लाइट रूल्स (VFR) के तहत दिन में ही विमान उड़ान भर सकते थे, लेकिन नई मंजूरी के बाद एयरपोर्ट की ऑपरेशनल क्षमता में बड़ा इजाफा हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है। अहमदाबाद या जम्मू की फ्लाइट को रात्रि समय में शुरू किया जा सकता है। हालांकि इसके लिए एयरपोर्ट से शहर तक भी कनेक्टिविटी को बढ़ाना पड़ेगा।

DGCA निरीक्षण के बाद मिली हरी झंडी

DGCA की टीम ने 6 और 7 नवंबर 2025 को हिसार एयरपोर्ट का विस्तृत निरीक्षण किया था, जिसमें कई तकनीकी और सुरक्षा संबंधी बिंदु सामने आए थे। इसके बाद AAI ने हरियाणा सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग के साथ समन्वय कर सभी आपत्तियों का समाधान किया और DGCA को अनुपालन रिपोर्ट सौंपी थी।

रिपोर्ट के मूल्यांकन के बाद 24 फरवरी 2026 को DGCA ने IFR संचालन की आधिकारिक मंजूरी दे दी। IFR मंजूरी को हिसार एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे के विकास में मील का पत्थर माना जा रहा है। एयरपोर्ट पर 24×7 संचालन का रास्ता खुलेगा। हरियाणा की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।