February 28, 2026
28 feb 11
  • नौ गांवों के धरने को दिया समर्थन, मुआवजे की मांग पर सरकार से जंग

हरियाणा: ब्रेकिंग न्यूज :किसानों को एकजुट करने के उद्देश्य से निकली राष्ट्रव्यापी किसान यात्रा रविवार को नूंह मेवात पहुंची। इस दौरान किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने नौ गांवों के धरनारत किसानों को समर्थन दिया। किसानों ने दल्लेवाल का जोरदार स्वागत किया, जहां ‘किसान एकता’ के नारे गूंजते रहे।

नूंह जिले के नौ गांवों के किसान जमीन अधिग्रहण के बकाया मुआवजे की मांग को लेकर लंबे समय से धरने पर बैठे हैं। किसानों का कहना है कि प्रशासन द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक भुगतान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में देशव्यापी किसान यात्रा का उनके धरना स्थल तक पहुंचना आंदोलन के लिए बड़ी मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।

दल्लेवाल बोले — यह संघर्ष किसानों की आवाज है

अपने संबोधन में किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने कहा कि यह यात्रा केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि किसानों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक किसान अपने हक, सम्मान और न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं, और जब तक उन्हें उनका पूरा अधिकार नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा।

किसानों में नई ऊर्जा का संचार

धरनारत किसानों ने स्पष्ट किया कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपना आंदोलन जारी रखेंगे और बकाया मुआवजा मिलने तक पीछे नहीं हटेंगे। इस कार्यक्रम ने किसानों में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार किया है।

मंत्री राव नरबीर का बयान

वहीं, इस मामले पर वाणिज्य उद्योग मंत्री राव नरबीर ने कुछ महीने पहले कहा था कि किसान दो बार मुआवजा ले चुके हैं और अब वे किस बात का मुआवजा मांग रहे हैं।