- मनरेगा योजना में बदलाव को लेकर प्रदर्शन
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विधानसभा का घेराव करने जा रहे कांग्रेस नेताओं की चंडीगढ़ में पुलिस के साथ झड़प हो गई। मनरेगा योजना में बदलाव को लेकर कांग्रेस नेता सेक्टर-9 स्थित पार्टी ऑफिस में इकट्ठे हुए थे। यहां से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में उन्होंने पैदल मार्च शुरू किया।
सेक्टर-9 में ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर नेताओं को रोक लिया। इस दौरान नेताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। तभी कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस कर्मचारी आमने-सामने हो गए। पुलिस कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेकर सेक्टर 3 थाने में ले गई।
चंडीगढ़ पुलिस ने परमिशन नहीं दी
चंडीगढ़ पुलिस ने बुधवार सुबह ही सेक्टर 9 स्थित कांग्रेस के ऑफिस के बाहर धारा 163 (पहले 144) लागू होने का नोटिस चिपका दिया था। साथ ही प्रदर्शन की परमिशन नहीं दी। प्रशासन की तरफ से कहा गया कि अगर कांग्रेस को प्रदर्शन करना है तो सेक्टर 25 में करे।
राव नरेंद्र सिंह बोले- नेताओं को हाउस अरेस्ट किया
इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हर जिले में कांग्रेस नेताओं को सुबह ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया। भाजपा सरकार डर गई है। लोकतंत्र में कभी ऐसा नहीं होता। नेताओं को चंडीगढ़ आने की परमिशन देनी चाहिए। वह कौन सा रेल या ट्रक लेकर आ रहे थे।
अधिकारियों पर दबाव में काम करने का आरोप
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मैंने पहले ही चंडीगढ़ से अधिकारियों को सूचित कर दिया था कि हम प्रदर्शन करेंगे। बुधवार सुबह अचानक नोटिस आ गया कि आप एक ही स्थान पर प्रदर्शन करेंगे। यह समझ नहीं आ रहा है कि अधिकारियों पर किसका दबाव है।
हिसार ग्रामीण जिला अध्यक्ष के घर भी पहुंची पुलिस
हिसार से कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया के घर भी बुधवार सुबह पुलिस की टीमें पहुंचीं। उन्होंने कहा कि सरकार शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक विरोध से इतनी भयभीत हो चुकी है कि सुबह अंधेरे में ही कांग्रेस नेताओं को नजरबंद करने जैसी कार्रवाई कर रही है। यह लोकतंत्र की हत्या है और जनता की आवाज को दबाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजदूर, किसान और गरीब वर्ग की सच्ची आवाज है। पुलिस बल भेजकर हमें रोका जा सकता है, लेकिन हमारी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
विधानसभा में हाउस अरेस्टिंग पर हंगामा हुआ
हरियाणा विधानसभा में भी कांग्रेस नेताओं की हाउस अरेस्टिंग का मुद्दा उठा। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हमारी सुरक्षा पर सवाल है, सरकार को इस पर जवाब देना होगा। इस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हाउस अरेस्ट की हमारी जानकारी में कोई मामला नहीं है। चंडीगढ़ में सेक्टर 25 में स्थान निर्धारित है, वहां जाकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। मगर विधानसभा के आसपास प्रदर्शन किया, इस पर यूटी प्रशासन ने संज्ञान लिया है। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने हंगामा करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।