- 30 मिनट पहले पहुंचना होगा, क्यूआर कोड पकड़ेगा फर्जी परीक्षार्थी, प्रवेश-पत्र की ना करवाएं लेमिनेशन
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) भिवानी की 25 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं आरंभ हो रही हैं। इसको लेकर बोर्ड द्वारा भी तैयारियां तेज की जा चुकी हैं। वहीं 25 फरवरी से 12वीं और 26 फरवरी से 10वीं की परीक्षाएं शुरू होंगी।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार शर्मा ने कहा था कि बोर्ड परीक्षाओं में 5 लाख 71 हजार 767 परीक्षार्थी बैठेंगे। जिसमें सेकेंडरी (10वीं) के 1 लाख 55 हजार 027 छात्र और 1 लाख 4 हजार 721 छात्राएं तथा सीनियर सेंकेडरी (12वीं) के 1 लाख 41 हार 566 छात्र और 1 लाख 29 हजार 97 छात्राएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डीएलएड परीक्षा मे 5 हजार356 छात्र अध्यापक शामिल होंगे।
इस बार 60 हजार से अधिक परीक्षार्थी पिछली बार की तुलना में अधिक शामिल हो रहे हैं। 10वीं की परीक्षाएं 20 मार्च और 12वीं की परीक्षाएं 1 अप्रैल को समाप्त होंगी। परीक्षाओं में नकल और अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए 325 फलाइंग स्कवैड करीब 1420 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें परीक्षार्थी
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार ने कहा कि परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र पर दिए गए दिशा-निर्देंशों की पालना करते हुए परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। प्रवेश-पत्र पर तिथि अनुसार परीक्षार्थी एवं पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर होने अनिवार्य है। इसलिए परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र को लेमिनेशन न करवाएं। परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान जैसे मोबाइल, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच आदि का प्रयोग वर्जित होगा।
प्रवेश-पत्र पर क्यू-आर कोड व विशेष सुरक्षा फिचर लगाए
उन्होंने बताया कि प्रवेश-पत्र पर क्यू-आर कोड व विशेष सुरक्षा फिचर लगाए गए हैं। उड़नदस्तें क्यू-आर कोड को स्कैन करके परीक्षार्थी की फोटो व विवरणों की जांच कर सकते हैं। जिससे फर्जी परीक्षार्थियों पर शिकंजा कसा जा सकेगा। इसके अतिरिक्त इस बार शिक्षा बोर्ड द्वारा अत्याधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए प्रत्येक प्रश्र पत्र पर एक विशेष क्यूआर कोड लगाया गया है। जिससे परीक्षाओं के दौरान होने वाली किसी भी प्रकार की अनियमितताओं पर लगाम लगाई जा सकेगी। यदि किसी परीक्षा केंद्र पर नकल में संलिप्तता पाई जाती है तो बोर्ड नियमानुसार विद्यालय पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आउट ए-4 साइज पर निकाले
उन्होंने कहा कि सभी विद्यालय मुखिया व स्वयंपाठी परीक्षार्थी बोर्ड वेबसाइट www.bseh.org.in दिए गए लिंक के माध्यम से प्रवेश-पत्र का रंगीन प्रिंट आउट ए-4 साइज पेपर पर ही निकालना सुनिश्चित करेंगे। विद्यालयी/स्वयंपाठी परीक्षार्थियों को रंगीन प्रवेश-पत्र पर आवेदन-पत्र भरते समय स्कैन किया गया फोटो चिपकाकर सत्यापित करवाना होगा। प्रवेश-पत्र एवं मूल पहचान-पत्र (आधार कार्ड आदि) के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी परीक्षार्थी अपने आधार कार्ड पर नवीनतम फोटो अपडेट करवाना सुनिश्चित करें।