- सांसद हुड्डा-मुलाना हिरासत में लिए गए
- HPSC मुख्यालय का घेराव करने जा रहे थे
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : पंचकूला में हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) के मुख्यायल पर प्रदर्शन करने जा रहे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। इसके विरोध में रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा, अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण मुलाना और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष निशित कटारिया बैरिकेड्स पर चढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने दीपेंद्र हुड्डा, वरुण मुलाना व अन्य को हिरासत में ले लिया।
यूथ कांग्रेस इंग्लिश असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में 600 पदों में से 450 खाली रहने, पीजीटी कंप्यूटर साइंस में 1700 पदों में केवल 39 युवा के पास होने और 35 प्रतिशत क्राइटेरिया को लेकर प्रदर्शन कर रही है। पंचकूला में HPSC के खिलाफ करीब 50 दिन से सेक्टर-5 परेड ग्राउंड में धरना चल रहा है।
HPSC का चेयरमैन राज्य से बाहर का
दीपेंद्र हुड्डा ने बताया कि हिरासत में लिए जाने से पहले दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार हरियाणा के युवाओं को रौंद कर चल रही है। युवाओं को अपने भविष्य के लिए लड़ाई लड़नी पड़ेगी। हरियाणा 28 प्रदेशों में से एक ऐसा राज्य है, जहां HPSC का चेयरमैन भी राज्य से बाहर का है। क्या 3 करोड़ हरियाणा वासियों में से कोई एक भी ऐसा नहीं मिला जो HPSC का चेयरमैन बनाया जा सके? ये लोग पर्ची-खर्ची की बात करते हैं।
चेयरमैन को हटाकर भर्तियों की जांच हो
उन्होंने कहा कि हम पूछना चाहते हैं कि इनकी पर्ची कौन से RSS कार्यालय से आई थी। क्या हरियाणा में चेयरमैन के लिए कोई व्यक्ति काबिल नहीं है? पिछले 20 UPSC के एग्जाम देखो, टॉप 5 में हरियाणा के युवा होते हैं। ये हमारे युवाओं की काबिलियत है। हमारी मांग है कि जितने भी खाली पद हैं, उनके लिए दोबारा विज्ञापन निकाले जाएं और भर्ती की जाए। HPSC के चेयरमैन को हटाकर भर्तियों की जांच कराई जाए और धरने पर बैठे हमारे युवाओं की बात सुनी जाए।