- BAC की मीटिंग में लगेगी मुहर; विपक्ष भी रहेगा शामिल
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में पहली बार विधानसभा का बजट सेशन सबसे लंबी अवधि का होने जा रहा है। इस बार बजट सेशन 27 दिन तक चलने की उम्मीद है। हालांकि इस पर अंतिम मुहर बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की मीटिंग में लगेगी।
19 फरवरी को ये मीटिंग बुलाई गई है। मीटिंग में स्पीकर हरविंद्र कल्याण, सीएम नायब सैनी, कैबिनेट मंत्री अनिल विज सहित 10 लोगों को न्योता भेजा गया है। मीटिंग में विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और INLD विधायक अर्जुन चौटाला शामिल होंगे। इस बार का बजट सेशन 20 फरवरी से शुरू होने जा रहा है।
2 मार्च को CM पेश कर सकते हैं बजट
हरियाणा विधानसभा का इस बार का बजट सत्र 27 दिन चलने की उम्मीद है। आगामी वित्त वर्ष के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर वित्त मंत्री 2 मार्च को बजट पेश कर सकते हैं। वैसे मुख्यमंत्री ने बजट तैयार करने से पहले स्टेक होल्डर्स के साथ अनेक बैठकें कर सुझाव भी लिए हैं। ऑनलाइन सुझाव भी लिए हैं।
बजट सत्र की तैयारियों में सरकार जुटी हुई है। विपक्षी दलों कांग्रेस और इनेलो ने भी बजट सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति बना ली है। इस बार के सत्र में पक्ष और विपक्ष के बीच तकरार हो सकती है।
आंकड़ों में सरकार बताएगी उपलब्धियां
सरकार ने आंकड़ों समेत जहां अपनी 11 साल की उपलब्धियां बताने की रणनीति बनाई है, वहीं दोनों विपक्षी दलों कांग्रेस और इनेलो को उनके कार्यकाल में हुए कार्यो के साथ तुलनात्मक आंकड़ों के साथ जवाब देने की भी रणनीति बनाई है।
मगर कांग्रेस के 37 विधायक होने के कारण कांग्रेस विधायकों के पास बोलने का समय काफी होता है, इसलिए इस बार कांग्रेस ने विधायकों को विभागों अनुसार तैयारी करने के लिए को कहा है। साथ में तथ्यों समेत आंकड़ें रखकर सरकार को घेरने की तैयारी की है।
INLD सरकार को घेरेगी
इनेलो ने जहां सरकार को घेरने के लिए आंकड़ों के साथ अपनी बात रखने की रणनीति बनाई है, वहीं कांग्रेस को भी लपेटने की रणनीति बनाई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रियों को विभागों की पूरी जानकारी रखने, विपक्ष को कड़ा जवाब देने के लिए भी तैयारी करने को कहा है।