February 12, 2026
12 feb 1
  • बस अड्‌डों पर धारा 163 लागू, बिजली निगम में नो वर्क-नो वेज नियम

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में 10 ट्रेड यूनियन की आज (12 फरवरी) एक दिन की स्ट्राइक की कॉल है। हड़ताल को लेकर सरकार भी अलर्ट मोड में है। सबसे ज्यादा जोर रोडवेज बसों का चक्का जाम टालने पर लगाया गया है। बस अड्डों पर धारा 163 लागू होने के चलते रोडवेज कर्मी ड्यूटी पर हैं और बसें टाइम से चल रही है।

हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (HVPN) ने नो वर्क-नो वेज नियम लागू किया है। 12 फरवरी को किसी भी कर्मचारी को सामान्य परिस्थितियों में किसी प्रकार की छुट्टी नहीं दी जाएगी। सिर्फ इमरजेंसी में ही सक्षम अधिकारी छुट्टी मंजूर करेंगे।

उधर, मिड डे मील वर्करों के हड़ताल में शामिल होने की संभावनाओं के बीच गुरुवार को सरकारी स्कूलों में बच्चों को दोपहर का खाना मिलने में दिक्कत आ सकती है। प्रदेश में 28 हजार मिड डे मील वर्कर 14 लाख बच्चों का खाना तैयार करती हैं।

अब पढ़िए… हड़ताल से क्या असर पड़ेगा

बैंकिंग और व्यापार पर फोकस: ट्रेड यूनियन बैंकिंग और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर फोकस कर रही हैं। एसबीआई बैंक के कर्मचारियों ने भी देशव्यापी हड़ताल का समर्थन किया है। हालांकि हरियाणा को लेकर अभी स्थिति स्प्ष्ट नहीं है। प्राइवेट सेक्टरों के सभी बैंक खुलेंगे। इसके अलावा व्यापारिक प्रतिष्ठान भी खुले रहेंगे। हालांकि, एटीएम- डिजिटल पेमेंट पर इसका कोई असर नहीं दिखेगा। मेन बाजार, मंडी, पेट्रोल पंप खुले रहेंगे।

एग्जाम डेट में बदलाव नहीं: हरियाणा में ट्रेड यूनियन का असर स्कूलों में नहीं दिखेगा। सभी सरकारी और निजी स्कूल खुले रहेंगे। इसके अलावा जो भी एग्जाम होंगे उनकी डेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। स्कूलों में एडमिशन की प्रक्रिया भी जारी रहेगी। विश्वविद्यालयों में भी रोजाना की तरह पढ़ाई चालू रहेगी।

चक्का जाम टालने की कोशिश: ट्रेड यूनियन की हड़ताल में हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी भी शामिल हो रहे हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर कुछ प्रमुख जिलों के डीसी ने जिलों की स्थिति को देखते हुए रोडवेज परिसर के आसपास धारा 163 लगा दी है। किलोमीटर स्कीम और निजी सहकारी समितियों की बसें आम दिनों की तरह चलेंगी।