January 31, 2026
31 jan 3
  • हरियाणा में कई जिलों में सुबह घना कोहरा
  • जीटी रोड बेल्ट पर जीरो विजिबिलिटी

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कई जिलो में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। पानीपत, सोनीपत, करनाल समेत जीटी रोड बेल्ट में जीरो विजिबिलिटी रही। वहीं खेतों में सुबह पाला भी दिखाई दिया। इससे प्रदेश भर में हल्की ठंड बनी हुई है।

हांलाकि कई जिलों में सुबह के समय मौसम साफ रहा, हिसार फरीदाबाद और गुरुग्राम में सुबह से ही हल्की धूप रही। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। दिन में अच्छी धूप खिलने की संभावना है।

हालांकि, आज रात से प्रदेश में मौसम बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने कल यानी 1 फरवरी को अधिकांश जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है।

तेज हवा का दिखेगा असर

प्रदेश भर में आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसका असर खासकर खेतों में खड़ी फसलों और खुले में बंधे पशुओं पर पड़ सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने किसानों और पशुपालकों को अलर्ट रहने की सलाह दी है।

हालांकि सुबह जीटी रोड़ के जिलों को छोड़ दें तो प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों हिसार, सिरसा, फतेहाबाद में मौसम साफ है। सिंचाई करने वाले खेतों में हल्की धुंध का असर दिखाई दिया।

एक फरवरी को यहां-यहां बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार एक फरवरी को कई जिलों में मध्यम बारिश हो सकती है। इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात (नूंह), फरीदाबाद और पलवल जिले शामिल हैं। इसके अलावा सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और जींद के छिटपुट इलाकों में बारिश हो सकती है।