January 17, 2026
17 jan 3
  • करनाल में नेशनल हाईवे पर कुटेल के पास कोहरे के कारण लिबर्टी कंपनी की बस के साथ चार गाड़ियां टकरा गईं
  • आज से बदलेगा मौसम, बूंदाबांदी के आसार

हरियाणा में आज (17 जनवरी) मौसम बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार, कई क्षेत्रों में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

सुबह से सोनीपत, पानीपत, करनाल, रोहतक और झज्जर के साथ जीटी रोड के अन्य जिलों समेत प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। शहर के बाहरी इलाकों में विजिबिलिटी जीरो रही।

इसी बीच करनाल में नेशनल हाईवे पर कुटेल के पास कोहरे के कारण लिबर्टी कंपनी की बस के साथ चार गाड़ियां टकरा गईं। इसमें बस ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं, जबकि एक महिला की टांगें कटने की सूचना है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बीती रात को औसत न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। सबसे कम तापमान नारनौल (महेंद्रगढ़) में 3.0°C दर्ज किया गया, जो हरियाणा का सबसे ठंडा स्थान रहा।

वहीं, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.0°C, अंबाला में 5.8°C, हिसार में 5.6°C, करनाल में 4.9°C और रोहतक में 5.4°C दर्ज किया गया।

आगे कैसा रहेगा मौसम

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक ,18, 19 और 20 जनवरी को भी राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। इन दिनों भी कुछ स्थानों पर कोहरा छा सकता है। 19 जनवरी को एक-दो जगह हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन इसका असर सीमित रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 और 18 जनवरी को ठंड के असर में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। अधिकांश जिलों में फिर कोल्ड वेव की कोई चेतावनी नहीं रहेगी। हालांकि रात और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रह सकता है।

19 जनवरी के बाद बारिश की संभावना

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी और 19 जनवरी रात को आने की संभावना है। इससे मौसम में बदलाव हो सकता है और 17 और 18 जनवरी को बूंदाबांदी के आसार हैं। 19 जनवरी के बाद भी राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही है।