January 13, 2026
13 jan 3
  • पांच जिलों में सीवियर कोल्ड डे का रेड अलर्ट, सोनीपत सबसे ठंडा

हरियाणा में लोहड़ी पर सुबह घनी धुंध रही। करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, कैथल फतेहाबाद, सिरसा और गुरुग्राम में सुबह विजिबिलिटी जीरो से 50 मीटर तक रही। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने आज भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और नूंह में सीवियर कोल्ड डे का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

यहां पाला गिरने की आशंका जताई गई है। दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम हरियाणा के कुछ हिस्सों में हालात ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। यहां पाला जमने की भी संभावनाएं हैं।

मंगलवार सुबह सोनीपत सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार का न्यूनतम तापमान 1.5, नारनौल 1.8, करनाल और महेंद्रगढ़ में 2 डिग्री रहा। आज औसत न्यूनतम तापमान में -0.2°C की गिरावट है। हालांकि, यह राज्य में सामान्य से -3.5°C नीचे है।

मौसम एक्सपर्ट बोले- 19 जनवरी  के बाद बारिश होगी

हिसार के चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 16 जनवरी तक मौसम आमतौर पर सूखा रहेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिम से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे रात का तापमान थोड़ा गिर सकता है और दिन का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है। दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के कुछ इलाकों में पाला भी पड़ सकता है।

16 और 19 जनवरी की रात को दो पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना

राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सुबह और देर रात हल्की से मध्यम धुंध छाई रह सकती है। 16 और 19 जनवरी की रात को दो पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव हो सकता है। 17 और 18 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 19 जनवरी के बाद राज्य के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने की संभावना है।