- गुरुग्राम-नारनौल में पाला जमा, पांच जिलों का तापमान दो डिग्री से नीचे
हरियाणा में सोमवार सुबह फिर कड़ाके की ठंड के साथ धुंध पड़ी। कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, हिसार, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ में विजिबिलिटी जीरो से 50 मीटर तक रही।
नारनौल में फसलों और पानी की पाइपों पर पाला जम गया। गुरुग्राम के शिकोहपुर गांव में बाहर खड़ी बाइक की सीट पर पाला जम गया। वहीं करनाल के धूमसी गांव में धुंध के चलते कार तालाब में गिर गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकाला गया।
उधर, सोमवार सुबह गुरुग्राम सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा, नारनौल 1.2, भिवानी 1.5, सोनीपत 1.6 और सिरसा में 1.7 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य में औसत न्यूनतम तापमान में -0.8°C की गिरावट आई है। हालांकि, यह राज्य में सामान्य से -3°C नीचे है।