January 9, 2026
9 jan 1
  • 22 जनवरी को रोटेशन-ड्रा ऑफ लॉट जारी होगा, 4 दिन में कार्यकाल खत्म
  • हरियाणा में नगर निगम चुनाव फरवरी में कराने की तैयारी

हरियाणा के अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसकी वजह और कुछ नहीं इन तीनों निगमों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। पंचकूला का कार्यकाल 4 जनवरी को पूरा हो चुका है। सोनीपत नगर निगम का कार्यकाल 12 जनवरी और अंबाला का कार्यकाल 13 जनवरी को पूरा हो रहा है।

इसको देखते हुए अब जल्द ही इसकी जानकारी राज्य चुनाव आयोग को भेजने वाला है। शहरी एवं स्थानीय निकाय विभाग ने भी चुनाव को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जल्द ही इसको लेकर विभागीय मंत्री विपुल गोयल एक रिव्यू मीटिंग करने जा रहे हैं।

22 जनवरी को रोटेशन-ड्रा ऑफ लॉट

निगम चुनाव को लेकर शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने वार्ड बंदी का काम पूरा होने के बाद चुनाव तैयारियां तेज कर दी हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो 22 जनवरी को विभाग चुनाव को लेकर रोटेशन और ड्रा ऑफ लॉट जारी करने जा रहा है।

सोनीपत, अंबाला और पंचकूला में वार्डबंदी के साथ ही वार्ड रिजर्वेशन का काम भी पूरा कर लिया गया है। कुछ जगह अभी विवाद की स्थिति है, लेकिन विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सभी समस्याओं का समाधान समय रहते कर लिया जाएगा।

फरवरी में ही चुनाव कराए जा सकते हैं

सूत्रों की मानें तो सरकार चुनाव के लिए तैयार है। ऐसे में फरवरी में ही चुनाव कराए जा सकते हैं। क्योंकि मार्च में स्कूलों में परीक्षाएं शुरू हो जाती है। ऐसे में सरकार यह चुनाव पहले ही करा सकती है। तीनों ही जगह भाजपा के मेयर है। ऐसे में भाजपा अपनी सीट बचाने को जोर लगाने की तैयारी में है तो कांग्रेस भी सिंबल पर प्रत्याशी उतारकर यहां सेंध लगाने की कोशिश में रहेगी। इनके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद, धारूहेड़ा, सांपला और उकलाना में भी वार्ड आदि आरक्षित कर दिए हैं।

कांग्रेस भी सक्रिय, भाजपा शुरू कर चुकी तैयारी

भाजपा में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारी पहले से ही शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद इन चुनावों को लेकर सक्रिय हैं। वे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति बना चुके हैं। भाजपा के पास अभी तीनों निगमों में मेयर की सीटें हैं। इसलिए वह किसी भी सूरत में यह सीटें खोना नहीं चाहेगी।

वहीं कांग्रेस ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस ने तीनों नगर निगमों चुनाव को लेकर अपनी एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया है।

नगर निगम में इस प्रकार है अवार्ड व आबादी

नगर निगमों की बात करें तो अंबाला की कुल आबादी 2,71,068 है और कुल 20 वार्ड हैं। पंचकूला में 2,91,224 आबादी के साथ ही वार्ड भी 20 हैं। सोनीपत में 22 वार्ड हैं और इस नगर निगम क्षेत्र में 4,05,275 की आबादी है। रेवाड़ी नगर परिषद में 32 वार्ड हैं। परिषद की 1,62,781 आबादी है। रेवाड़ी जिले की धारूहेड़ा में 18 वार्ड हैं। इस नगर पालिका की कुल 32,888 आबादी है।

रोहतक जिले के सांपला में 18 वार्ड हैं और 25,153 कुल आबादी है। हिसार जिले की उकलाना नगर पालिका में 21,381 की आबादी है और यहां 18 वार्ड हैं।

– शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी

शहरी स्थानीय विभाग के डायरेक्टर अशोक मीणा ने बताया कि शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। विभाग की ओर से जल्द ही इसकी जानकारी राज्य चुनाव आयोग को दे दी जाएगी। जिसके बाद आयोग के ऊपर निर्भर करेगा कि सूबे में इन तीनों निगमों और परिषदों, पालिकाओं में चुनाव का ऐलान किया जाए