बिहार में 20 नवंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण होना है। पटना के गांधी मैदान में इसकी तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
इससे पहले सोमवार आधी रात जदयू के सीनियर लीडर ललन सिंह और संजय झा दिल्ली तलब किए गए। दोनों चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली गए।
संजय झा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे हैं। कैबिनेट के चेहरे को लेकर भी बात होनी है। एनडीए नेताओं की भी बैठक होनी है।
लोजपा-रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान, रालोमा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और हम प्रमुख जीतनराम मांझी भी दिल्ली में ही हैं।
रविवार को भी उनकी शाह और भाजपाध्यक्ष जेपी नड्डा से बात हुई थी। बिहार भाजपा के बड़े नेता मंगलवार को दिल्ली जाएंगे।
सूत्रों की मानें तो सरकार में बराबर की भागीदारी को लेकर जदयू-बीजेपी में खींचतान है। भाजपा और जदयू दोनों ही विधानसभा अध्यक्ष पद चाहती हैं, जिसे लेकर बातचीत जारी है।
जदयू चाहती है कि स्पीकर उनकी पार्टी और विधान परिषद के सभापति भाजपा से हों। जबकि बीजेपी दोनों पद अपने पास रखना चाहती है।
सोमवार को मौजूदा सरकार की आखिरी कैबिनेट मीटिंग हुई, जिसमें विधानसभा को 19 नवंबर को भंग करने का प्रस्ताव पास हुआ।
इसके बाद नीतीश कुमार ने राज्यपाल से मुलाकात कर इस बात की जानकारी दी।