November 11, 2025
IMG-486764654889 (1)
बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने पर नगर निगम ने सोमवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। दस दिन पहले जहां निगम ने इंजीनियरिंग कॉलेज समेत 13 संपत्तियां सील की थी। वहीं, अब चांदपुर स्थित एक बंद फैक्ट्री समेत पांच व्यावसायिक संपत्तियों को सील किया है। इन संपत्तियों के मालिकों पर निगम का 14 लाख 6 हजार 316 रुपये संपत्ति कर बकाया है। चांदपुर में एक संपत्ति मालिक ने संपत्ति सील होने से पहले मौके पर ही अपना टैक्स जमा करवा दिया। जिसके चलते उसकी संपत्ति को सील नहीं किया गया। नगर निगम ने कुछ माह पहले एक लाख रुपये से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदारों को हरियाणा नगर निगम अधिनियम-1994 के तहत नोटिस जारी किए थे। नोटिस मिलने पर कुछ प्रॉपर्टी मालिकों ने टैक्स जमा करा दिया था। जिन बकायेदारों ने अभी तक प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराया, उनकी संपत्ति सील की जा रही है।
संपत्तियां सील करने के लिए नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर यमुनानगर जोन में क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया और जितेंद्र मल्होत्रा व जगाधरी जोन में क्षेत्रीय कराधान अधिकारी एवं कार्यालय अधीक्षक संजय के नेतृत्व में टीमें गठित की गई। क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, जितेंद्र मल्होत्रा की टीम सोमवार देर शाम सबसे पहले चांदपुर पहुंची। यहां निगम की टीम ने आरसी प्रोडक्ट फैक्ट्री को सील कर दिया। हालांकि अब यह फैक्टरी बंद हो चुकी है। इस संपत्ति पर नगर निगम का कुल 393563 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। यहीं पर नगर निगम की टीम अयूब खान की दुकान को सील करने पहुंची। लेकिन संपत्ति मालिक ने मौके पर ही संपत्ति कर जमा करवा दिया। जिसके चलते उसकी संपत्ति को सील नहीं किया गया। इसके बाद निगम की टीम ने जैन कॉलोनी स्थित सुमित कुमार की दुकान को सील किया। इस पर निगम का 173787 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। इसके बाद निगम की टीम विश्वकर्मा चौक पर पहुंची। यहां निगम की टीम ने प्रभा रानी व संतोष की दुकानों को सील कर दिया। प्रभा रानी की संपत्ति पर निगम का 170908 रुपये और संतोष की संपत्ति पर 213000 रुपये संपत्ति कर बकाया था। इसके बाद निगम की टीम मॉडल टाउन वेयरहाउस के पास पहुंची। यहां निगम की टीम ने दलजीत सिंह की दुकान को सील कर दिया। इस संपत्ति पर नगर निगम का 455058 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। इन सभी बकायेदारों पर निगम का 14 लाख 6 हजार 316 रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। संपत्तियां सील करने के साथ ही निगम द्वारा उन पर चेतावनी नोटिस चस्पाया कि यदि नगर निगम की अनुमति के बिना सील से छेड़छाड़ की या इसे खोलने का प्रयास किया गया तो कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स जमा न कराने वालों की अब संपत्तियां सील की जाएगी।
सीलिंग कार्रवाई से बचने के लिए संपत्ति मालिक अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराए। उन्होंने बताया कि जिनकी संपत्ति सील की गई है, उन्हें कई बार नोटिस जारी कर चेताया गया था। टैक्स जमा न कराने पर बकाएदारों को सुनवाई के लिए निगम कार्यालय बुलाया गया था। सुनवाई के बाद भी संपत्ति कर जमा न कराने पर सीलिंग कार्रवाई की गई। एक लाख से अधिक प्रॉपर्टी टैक्स के बकाएदारों की प्रॉपर्टी सील की जाएगी। सीलिंग कार्रवाई से बचने के लिए संपत्ति मालिक अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराए। जल्द ही नगर निगम द्वारा मैरिज पैलेस, बैंकेट हॉल व अन्य बड़े संस्थानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बकाएदारों को निर्देश दिए है कि वे अपना बकाया संपत्ति कर जमा कराए और सीलिंग कार्रवाई से बचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *