
हरियाणा में मानसून की एंट्री के बाद आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ सेंटर के मुताबिक, आज 4 जिलों पंचकूला, अंबाला, करनाल और यमुनानगर में तेज बारिश हो सकती है।
10 जिलों, सोनीपत, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में मध्यम बारिश के आसार हैं।
इनमें से पानीपत और हिसार में सुबह हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। फिलहाल बादल छाए हुए हैं और मौसम ठंडा है।
प्रदेश के तापमान में बुधवार को 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।
इसके अलावा 8 जिलों चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में बूंदाबांदी की संभावना है। प्रदेश में बुधवार को मानसून की एंट्री के बाद शुक्रवार तक पूरे प्रदेश में पहुंचने की संभावना है।
वहीं, यमुनानगर में गुरुवार रात करीब डेढ़ बजे तिलक नगर में एक घर की छत का छज्जा अचानक टूटकर नीचे गिर गया।
इससे नीचे खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई और मलबा बिखर गया। जिस वक्त यह छज्जा गिरा, परिवार नीचे कमरे में सो रहा था। अचानक तेज धमाके की आवाज से उनकी नींद टूटी।