March 21, 2026
bjp meeting cm saini badoli
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि वीरवार 29 मई को करनाल जिला के सालवन गांव की अनाज मंडी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे तथा समारोह को संबोधित करेंगे।
उपायुक्त बुधवार को करनाल जिला के गांव सालवन में राज्य स्तरीय महाराणा प्रताप जयंती समारोह की तैयारियों के संदर्भ में समारोह स्थल पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इस मौके पर उनके साथ असंध के विधायक योगेंद्र राणा, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया, एसडीएम असंध राहुल भी उपस्थित थे। उपायुक्त ने बताया कि इस समारोह में आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम में पीने के पानी, शौचालयों और प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वाहनों के लिए पार्किंग स्थलों का निर्धारण कर दिया गया है और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि आम जनता के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की गई है और पोर्टेबल शौचालय स्थापित किए गए हैं, आगंतुकों के बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, रैली स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है, मीडिया कर्मियों की सुविधा के लिए मीडिया गैलरी बनाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि समारोह में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा संबंधित विभाग के अधिकारी अपने-अपने कर्मचारियों की ड्यूटियां संबंधित स्थान पर लगा दें ताकि किसी प्रकार की कोई कमी न रहे।
इस मौके पर असंध के विधायक योगेंद्र राणा ने बताया कि सालवन गांव की अनाज मंडी में करीब साढ़े 4 एकड़ में जर्मन तकनीक का टेंट लगाया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह में कई हजार लोगों की बैठने की व्यवस्था की गई है। समारोह का प्रसारण आमजन के लिए लाईव किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर भी वीडियो स्क्रीन की व्यवस्था भी की गई है, ताकि पंडाल में बैठे सभी लोगों को कार्यक्रम बेहतर तरीके से दिखाई दे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर 4 मंच बनाए गए हैं। जिसमें मुख्य मंच, अन्य विशिष्ट मेहमानों के लिए दो वीआईपी मंच बनाए गए हैं। इसके साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए एक कल्चरल मंच बनाया जा रहा है। कार्यक्रम की कवरेज के लिए मीडिया गैलरी भी बनाई गई है।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने बताया कि समारोह स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं तथा डीएसपी स्तर के अधिकारी नोडल अधिकारी लगाए गए हैं। यातायात बाधित न हो इसके लिए भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *