July 14, 2025
rain flood

हरियाणा में आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। सोमवार सुबह 3 जिलों में बूंदाबांदी और बारिश हुई। इनमें पानीपत, पलवल और नूंह शामिल हैं। फरीदाबाद में भी देर रात बारिश हुई।

इनके अलावा भिवानी, रोहतक, गुरुग्राम, सोनीपत और नारनौल में बादल छाए हुए हैं। फतेहाबाद, यमुनानगर और जींद में मौसम साफ है।

मौसम विभाग ने आज 4 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में तेज बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश में अगले 4 दिन तक लगातार बारिश की संभावना है।

प्रदेश में बारिश के बाद से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का अधिकतम तापमान 6.9 डिग्री गिरावट के साथ सामान्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।

जिससे प्रदेश के सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है। रविवार को भी सबसे अधिक तापमान भिवानी में रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री ही रहा।

इससे पहले शनिवार रात को 7 जिलों में आए तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। हिसार में बालसमंद ब्रांच टूट गई। फरीदाबाद में छत गिरने से एक परिवार के 5 लोग दब गए तो करनाल में जर्जर इमारत का छज्जा टूटने से कार क्षतिग्रस्त हो गई।

इसके साथ कई जगह बिजली के पोल, ट्रांसफॉर्मर और पेड़ टूटे। इस महीने आंधी-बारिश से बड़ा नुकसान हुआ है। एक महीने के भीतर आंधी-बारिश से 10 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 42 लोग घायल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *