May 24, 2025
cm nayab saini

हरियाणा सरकार ने हरियाणा महिला विकास निगम से स्वरोजगार के लिए ऋण लेने वाली महिलाओं को बड़ी राहत दी है। दरअसल, महिला विकास निगम से ऋण लेने वाली 7305 महिलाएं किन्हीं कारणों से ऋण नहीं चुका पाई थीं।

उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए महिलाओं पर बकाया 6 करोड़ 63 लाख रुपए माफ कर दिए गए हैं। इसमें 3 करोड़ 82 लाख रुपए मूल राशि और 2 करोड़ 81 लाख रुपए ब्याज शामिल है।

इसके साथ ही महिला विकास निगम को वित्तीय बोझ से बचाने के लिए यह राशि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चुकाई जाएगी।

महिला एवं विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 30 जून 2024 तक बकाया राशि नहीं चुका पाने वाली महिलाओं का मूलधन और ब्याज माफ कर दिया गया है।

महिला विकास निगम द्वारा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यक्तिगत ऋण योजना के तहत एक लाख 50 हजार रुपए तक का ऋण दिया जाता है।

वह महिलाएं, जिनकी वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपए से अधिक न हो और उनके परिवार का कोई सदस्य आयकर दाता न हो, वे सिलाई- कढ़ाई, किरयाना, मनियारी, रेडीमेड गारमेंट्स, कपड़े की दुकान, स्टेशनरी, बुटीक व जनरल स्टोर सहित अन्य कार्यों के लिए योजना का लाभ उठा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *