May 24, 2025
WhatsApp Image 2025-05-23 at 4.15.04 PM

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में एक सरकारी संस्थान का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने तीर्थ स्थल कुरुक्षेत्र और कपाल मोचन में स्थापित कश्यप राजपूत धर्मशालाओं के विस्तार के लिए 21-21 लाख रुपये देने की भी घोषणा भी की। लाडवा में एक चौंक का नाम महर्षि कश्यप के नाम पर रखने तथा लाडवा, कुरुक्षेत्र या इंद्री में कश्यप राजपूत धर्मशाला की स्थापना के लिए फिजिबिलिटी चेक करवा कर प्लॉट उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की। इसके  अतिरिक्त, उन्होंने कहा कि समाज द्वारा रखी गई अन्य सभी मांगों की फिजिबिलिटी चेक करवाने के लिए सम्बंधित विभाग को भेजकर इन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाने का कार्य किया जायेगा।
मुख्यमंत्री आज कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना के तहत आयोजित राज्य स्तरीय महर्षि कश्यप जयंती समारोह में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
महर्षि कश्यप को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का प्रकाश स्तम्भ बताते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुनिराज कश्यप ने ज्ञान, तप और अनुसंधान से मानव सभ्यता को नई दिशा दी। उन्होंने समाज को नई दिशा देने के लिए स्मृति ग्रंथ और कश्यप संहिता जैसे महान ग्रंथों की रचना की। ऐसे महान ऋषि का प्रेरणादायक व्यक्तित्व हमेशा मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा।
महर्षि कश्यप को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कश्यप समाज का इतिहास प्राचीन काल से ही गौरवशाली रहा है। इस समाज ने रामायण काल में निषाद जैसे शक्तिशाली राजा दिए। राजा निषाद ने ही भगवान श्रीरामचंद्र को वनवास के दौरान आश्रय दिया था। आजादी के आंदोलन में भी इस समाज ने सराहनीय भूमिका निभाई।
इस मौके पर सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, विधायक इंद्री एवं  गवर्नमेंट चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप, विधायक करनाल जगमोहन आनन्द, पूर्व राज्यमंत्री मंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, भाजपा प्रदेश सचिव राहुल राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, नपा अध्यक्षा साक्षी खुराना, कश्यप सभा के प्रदेश अध्यक्ष समे सिंह, कश्यप सभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र माजरी, सैनी सभा के प्रधान गुरनाम सिंह सैनी, पूर्व विधायक रमेश कश्यप,  नेपाल राणा, डा. गणेश दत्त, दरियाव सिंह, परमजीत कौर कश्यप, कश्यप सभा के चेयरमैन रामकुमार, नीलम कश्यप, अनूप भारद्वाज, वीरभान आर्य, आरडी कल्याण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री की साहसिक निर्णय क्षमता और आधुनिक तकनीक से लैस भारतीय सेना के पराक्रम से पूरी दुनिया अचंभित
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस समाज ने महर्षि कश्यप के आदर्शों और सिद्धांतों पर चलते हुए देश निर्माण में अहम योगदान दिया। हाल ही के ऑपरेशन सिन्दूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना के बाद संकल्प लेकर कहा था कि जिसने भी हमारे भोले भाले लोगों को मारने का काम किया है अब उनकी बची खुची जमीन को मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। इसी संकल्प के तहत आतंकवाद के ठिकानों को ध्वस्त करने का काम किया गया। इस ऑपरेशन के दौरान आप जैसे वीरों के बलबूते भारत देश ने आतंकवादियों और उनका संरक्षण करने वाले पाकिस्तान को सबक सिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साहसिक निर्णय क्षमता और आधुनिक तकनीक से लैस हमारी भारतीय सेना ने जो पराक्रम दिखाया है, उससे पूरी दुनिया अचंभित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र, विश्व गुरु और सांस्कृतिक महाशक्ति बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस कार्य में कश्यप समाज की भूमिका निर्णायक रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *