May 23, 2025
WhatsApp Image 2025-05-22 at 12.59.07 PM

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में मानवीयता, तकनीकी, दक्षता और तेज राजनीति का अदभुत संगम देखने को मिला है। इस ऑपरेशन सिंदूर यात्रा को युगों-युगों तक देश के वीर सैनिकों के सम्मान के रूप में याद रखा जाएगा। इन सैनिकों के शौर्य,साहस को नमन करने के लिए ही देश ही नहीं पूरे प्रदेश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। इन तिरंगा यात्राओं में प्रदेश के करोड़ों लोगों के जोश और जज्बा देखने को मिला है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को लाडवा नए बस स्टैंड पर आयोजित ऑपरेशन सिंदूर तिरंगा यात्रा में प्रदेशवासियों को सम्बोधित कर रहे थे। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में नए बस स्टैंड से एक ऐतिहासिक और यादगार तिरंगा यात्रा आगे बढ़ी। यह तिरंगा यात्रा श्री राम कुंडी चौक, मेन बाजार,संगम मार्किट, हिनोरी चौक, डा. बीआर अंबेडकर चौक से होती हुई श्री रामकुंडी एवं धर्मशाला पर सम्पन्न हुई। इस तिरंगा यात्रा के जोश और जज्बे को लाडवा की हर गली और मोड पर देखा गया। इस यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया और लोगों ने देश के वीर जवानों के सम्मान में जयकारे लगाए। इन जयकारों की आवाज लाडवा शहर के हर कोने में सुनाई दी गई। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तिरंगा यात्रा के मार्ग पर शहीद मदन लाल ढींगडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रामकुंडी धर्मशाला के सभागार में पहलगाम के बलिदानियों को पुष्पर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे सैनिकों ने पाकिस्तान की सिरजमीं पर जाकर आतंकवाद को नेस्तनाबूद करने का काम किया है। ऐसा करके संदेश दिया कि भारत की संप्रभुता की तरफ आंख उठाने का अंजाम बहुत बुरा होता है। पाकिस्तान की जमीं पर जाकर उनके आतंकवादी अड्डों को चुन-चुन कर मिट्टी में मिलने का काम जांबाज सैनिकों ने किया है। पाकिस्तान के 11 एयर बेस को नेस्ताबूद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों ने मिसाइल पाकिस्तान पर छोड़ी, इसकी गूंज चाइना और अमेरिका तक गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जब बात हुई तो सीजफायर से यह दिखाया कि भारत युद्ध का पक्षधर नहीं है, लेकिन जब तक शांति को कमजोरी समझा जाएगा तो भारत चुप भी नहीं रहेगा। यही शौर्य और संयम देश को एक महान राष्ट्र बनाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना का सशक्तिकरण किया गया है और भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। इसके लिए हमें गौरव है। प्रदेश की जनता की तरफ से कोटि-कोटि नमन करता हूं।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी, सुभाष कलसाना, चेयरमैन धर्मवीर डागर, भाजपा प्रदेश सचिव राहुल राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र गोल्डी,जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर, नगर पालिका चेयरमैन साक्षी खुराना, उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, एसडीएम पंकज सेतिया, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह, भाजपा के युवा नेता साहिल सुधा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *