
हरियाणा में तापमान 45 डिग्री पार कर गया है। आज भी 12 जिलों में लू चलेगी।
मौसम विभाग ने सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही, पंचकूला, अंबाला, करनाल और यमुनानगर में बारिश की संभावना जताई गई है।
गर्मी के कारण कई जिलों में स्कूल समय में बदलाव किया गया है। सिरसा में पहली से आठवीं कक्षा तक के स्कूल अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेंगे।
इसी तरह, दो दिन पहले फतेहाबाद में भी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों का समय बदला गया, जहां पहली से आठवीं कक्षा की पढ़ाई सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक हो रही है।
अन्य जिलों में भी स्कूलों के समय में बदलाव की संभावना है।