
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित हरियाणा हमारा संकल्प है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए, हरियाणा के लोगों की सेवा के लिए और यहां के युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए सरकार ज्यादा स्पीड से और ज्यादा बड़े स्केल पर काम करेगी। गरीब, किसान, नौजवान और नारी शक्ति, इन चारों स्तंभों को सशक्त करने के लिए डबल इंजन सरकार निरंतर काम कर रही है और हम सभी के प्रयासों से हरियाणा जरूर विकसित होगा। हरियाणा फलेगा, फूलेगा और देश का नाम रोशन करेगा, ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं।
प्रधानमंत्री आज यमुनानगर में आयोजित विकसित भारत-विकसित हरियाणा समारोह में प्रदेशवासियों को विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करने उपरांत उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल, केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री श्री अनिल विज, श्री कृष्ण लाल पंवार और श्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।
श्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के भाई—बहनों को राम—राम कहते हुए मां सरस्वती के उद्गम स्थल, पंचमुखी हनुमान जी और कपाल मोचन की धरा को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि यहां संस्कृति, श्रद्धा और समर्पण की त्रिवेणी बहती है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का विजन, उनकी प्रेरणा निरंतर विकसित भारत की यात्रा में हमें दिशा दिखा रही है।
उन्होंने कहा कि यमुनानगर सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि यह भारत के औद्योगिक नक्शे का भी अहम हिस्सा है। प्लाईवुड उद्योग से लेकर पीतल और स्टील के बर्तन तक यह पूरा क्षेत्र भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है। यह धरती कपाल मोचन मेला, ऋषि वेदव्यास की तपोभूमि और गुरु गोबिंद सिंह जी की शस्त्र भूमि है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यमुनानगर के साथ उनकी अनेक पुरानी यादें जुड़ी हैं। जब वे हरियाणा के प्रभारी थे, तो पंचकूला से यहां आना-जाना लगा रहता था और कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ काम करने का अवसर मिला। ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं की परंपरा आज भी चल रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा लगातार तीसरी बार डबल इंजन सरकार के विकास को बढ़ता हुआ देख रहा है और अब तो ट्रिपल इंजन की सरकार हो गई है।
हरियाणा के किसानों की मेहनत हर भारतीय की थाली में नजर आती है
प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा की गाड़ी विकास के पथ पर दौड़ रही है। हरियाणा के किसानों की मेहनत हर भारतीय की थाली में नजर आती है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार किसानों के दुख-सुख की सबसे बड़ी साथी है। हमारा प्रयास है कि हरियाणा के किसानों का सामथ्र्य बढ़े। हरियाणा की सरकार अब राज्य की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है। हरियाणा के लाखों किसानों को पीएम फसल बीमा योजना का लाभ भी मिल रहा है। इस योजना के तहत लगभग 9 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा क्लेम दिए गए। पीएम किसान सम्मान निधि से साढ़े 6 हजार करोड़ रुपये हरियाणा के किसानों के खातों में गए हैं। इतना ही नहीं, हरियाणा सरकार ने अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाना को भी खत्म कर दिया। अब किसानों को नहर के पानी पर टैक्स भी नहीं देना पड़ता।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से किसानों, पशुपालकों को आय के नए साधन मिल रहे हैं। गोबर्धन योजना में गोबर से और खेती के अवशेष से, दूसरे जैविक कचरे से बायोगैस बनाई जा रही है। इस वर्ष के बजट में देशभर में 500 गोबर्धन प्लांट बनाने का लक्ष्य रखा है। यमुनानगर में भी आज नए गोबर्धन प्लांट की आधारशिला रखी गई है। इससे नगर निगम के भी हर साल 3 करोड़ रुपए बचेंगे। गोबर्धन योजना स्वच्छ भारत अभियान में भी मदद कर रही है।
कांग्रेस शासित राज्यों में जनता से हो रहा विश्वासघात, भाजपा के लिए राजनीति सत्ता सुख नहीं, बल्कि जनता और देश की सेवा का माध्यम
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे लिए राजनीति सत्ता सुख का नहीं, बल्कि जनता और देश की सेवा का माध्यम है। इसलिए भाजपा जो कहती है उसे डंके की चोट पर करती है। हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनने के बाद हम लगातार जनता से किए वायदे पूरे कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस शासित राज्यों में जनता से विश्वासघात हो रहा है। हिमाचल में जनता कितनी परेशान है, विकास के जनकल्याण के सारे कम ठप पड़े हैं। कर्नाटक में तो बिजली से लेकर दूध तक हर चीज महंगी हो रही है। सोशल मीडिया पर देखते हैं कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने महंगाई बढ़ाई है, भांति—भांति के टैक्स लगाए हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने ए टू जेड तक पूरी एबीसीडी और हर अक्षर के साथ कैसे-कैसे कांग्रेस ने टैक्स बढ़ाया, उसका पूरा लिंक बनाकर कांग्रेस की पोल खोली है। वहां के मुख्यमंत्री के करीबी भी कहते हैं कि कांग्रेस ने कर्नाटक को करप्शन में नंबर वन बना दिया। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार जनता से किए वादे भूल गई है। तेलंगाना में कांग्रेस सरकार जंगलों पर बुलडोजर चलवा रही है, जानवरों को और प्रकृति को खतरा है।
उन्होंने कहा कि एक ओर हमारी सरकार कचरे से गोबर्धन बनाने का प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस इस प्रकार के कार्य कर रही है। देश के सामने दो मॉडल है, एक तरफ कांग्रेस का मॉडल है जो पूरी तरह झूठ है, झूठा साबित होता है। दूसरा मॉडल बीजेपी का है जो सत्य के आधार पर चल रहा है। बाबा साहेब अंबेडकर की दी हुई दिशा पर चल रहा है, संविधान की मर्यादाओं के अनुरूप चल रहा है।