
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को पानीपत के सेक्टर-24 स्थित एमजेआर मैदान में पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को नगर निगम चुनाव में पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।
सीएम ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बाद कांग्रेस ठंडी पड़ गई है, वे शांत होकर बैठे हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता जोश से मैदान में हैं।
उन्होंने कहा कि यह जोश कम नहीं होना चाहिए। सीएम सैनी ने हाल ही में हुए निकाय चुनावों में कम मतदान प्रतिशत पर चिंता व्यक्त की और कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पानीपत में इस बार सभी निकाय चुनावों का मतदान रिकॉर्ड तोड़ना है और फतेहाबाद में 90% मतदान का लक्ष्य रखा गया है।