
हरियाणा में 9 नगर निगम समेत 40 निकायों के लिए आज (2 मार्च) को वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के मुताबिक 6 बजे तक प्रदेश में 46% वोटिंग हुई है।
अभी इस आंकड़े में बदलाव संभव है। रोहतक में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में झड़प को छोड़कर लगभग सभी जगह मतदान शांतिपूर्वक रहा।
गुरुग्राम और हिसार समेत 6 जिलों में EVM खराब होने की शिकायतें सामने आईं। हिसार में तो ढाई घंटे तक मतदान रुका रहा।
कई स्थानों पर मशीनें बदलनी पड़ीं। फर्जी मतदान की घटनाएं भी सामने आईं।
झज्जर के बेरी में 3 लोग फर्जी वोटिंग करते पकड़े गए, जबकि हिसार में कुछ संदिग्ध व्यक्ति पोलिंग बूथ की दीवार फांदकर भाग निकले।
करनाल और गुरुग्राम में वोटर लिस्ट से नाम गायब होने की शिकायतें मिलती रहीं। हिसार में भाजपा नेताओं को बूथ में जाने से रोका गया।
करनाल और कैथल में EVM के बटन और स्याही को लेकर विवाद हुए। अब सभी EVM मशीनें सील करके स्ट्रॉन्ग रूम में रख दी गई हैं।
रिजल्ट 12 मार्च को घोषित किए जाएंगे। इससे पहले 9 मार्च को पानीपत नगर निगम के लिए वोटिंग होगी।