
मौसम विभाग ने हरियाणा में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार सुबह से 4 जिलों में बूंदाबांदी हो रही है।
इनमें पानीपत, जींद, झज्जर और सोनीपत शामिल हैं। इसके अलावा कैथल में बूंदाबांदी और महेंद्रगढ़ में बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी में भी हलकी से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में आंधी और ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति में 2 दिन से हैवी स्नोफॉल हो रहा है। कई क्षेत्रों में 3 फीट से ज्यादा बर्फबारी हो चुकी है। इससे पूरे जिले का संपर्क कट चुका है।
अटल टनल रोहतांग भी आवाजाही के लिए बंद हो गई है। आज और कल भी भारी स्नोफॉल का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।