
करनाल में कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने से कई बड़े राज उजागर हुए। भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक नरेंद्र सांगवान और पूर्व जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोट डलवाने की बात कबूल की।
इसके साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र सिंह राठौर और करनाल की पूर्व विधायक सुमिता सिंह के वे आरोप भी सच साबित हुए, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि नरेंद्र सांगवान और त्रिलोचन सिंह भाजपा की मदद कर रहे हैं।
सीएम नायब सैनी के सामने नरेंद्र सांगवान ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि आज घरौंडा विधायक और विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण मंच पर नहीं हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव में हमने उनकी मदद की और उन्हें विधानसभा पहुंचाया।
इसके साथ ही हमने अपने सामने बैठे सभी साथियों को भी विधानसभा पहुंचाया है। इतना ही नहीं कल्याण साहब ने मुझे पार्टी में शामिल करवाने के लिए काफी मेहनत की थी।
इसके साथ ही उन्होंने मीडिया के कैमरों के सामने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने भाजपा के हरविंदर कल्याण को जिताने के लिए भी काम किया है।