
हरियाणा में भाजपा ने निकाय चुनावों के लिए उम्मीदवारों की 2 लिस्टें जारी की हैं। भाजपा ने नगर निगम में मेयर पद के लिए 10 में से 9 और 28 नगर परिषद और पालिकाओं में चेयरमैन पद के लिए 19 उम्मीदवार उतारे हैं।
भाजपा ने मानेसर को छोड़कर 9 नगर निगमों में मेयर उम्मीदवारों की सूची जारी की है। 9 निगमों में से 6 में भाजपा ने महिला उम्मीदवारों को टिकट दी है।
इसमें गुरुग्राम, फरीदाबाद, करनाल, अंबाला, पानीपत और यमुनानगर में महिलाओं को मेयर कैंडिडेट बनाया है।
भाजपा ने गुरुग्राम में मेयर प्रत्याशी बदलकर राव इंद्रजीत की पसंद को तरजीह दी है। वहीं करनाल और सोनीपत में भाजपा ने नाराज बड़े नेताओं को मेयर प्रत्याशी बनाकर डैमेज कंट्रोल करने का प्रयास किया है।
इसके अलावा हिसार में दो पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल और कमल गुप्ता की पसंद से अलग संगठन की पसंद के नेता को आगे बढ़ाया है।
अंबाला में शक्ति रानी शर्मा के विधायक बनने से खाली हुई मेयर सीट के लिए पंजाबी समाज से आने वाली सैलजा सचदेवा को टिकट दिया गया है। भाजपा ने जातीय संतुलन को भी साधने का प्रयास किया है।