हरियाणा स्थानीय निकाय चुनावों का बिगुल बजते ही तैयारियों को लेकर भाजपा ने कमर कस ली है। चुनावों को लेकर बुधवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई।
बैठक में सभी जिलों के अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सभी विधायक और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली शामिल हुए थे। बैठक के बाद सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि बैठक में हमारी मुख्य चर्चा स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर हुई है।
उन्होंने कहा कि अभी हम एक चुनाव से आए हैं और दूसरे चुनाव की तारीखों की घोषणा हो गई है। यह प्रदेश भर का चुनाव है।
यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। क्योंकि जितना छोटा चुनाव उतना ही टाइट हो जाता है। उसके लिए ज्यादा ताकत और शक्ति लगानी पड़ेगी।
बैठक के बाद हरियाणा भाजपा प्रभारी सतीश पुनिया ने कहा कि नगर निगम और नगर परिषद चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। वहीं, नगर पालिका चुनाव पर विचार करेंगे।
नगर निगमों को लेकर अलग-अलग संकल्प पत्र निकाले जाएंगे। निकाय चुनाव के चलते हरियाणा में जिला अध्यक्ष चुनाव बाद में होंगे। शहरी निकाय चुनाव में भाजपा की जीत होगी।