October 22, 2024
करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने श्रवण एवं वाणी निशक्त बच्चों के साथ दीपावली उत्सव मनाया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता, पूर्व मेयर रेनू बाला गुप्ता और हरियाणा श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण समिति, पंचकूला की चेयरपर्सन मेघा भंडारी भी शामिल हुर्इं।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत वहां उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि यूं तो दीपावली मिलन समारोह व दीपावली उत्सव हम बहुत सी जगह मनाते हैं लेकिन इस स्कूल में इन बच्चों के साथ यह उत्सव मनाना अपने आप में खास है। उन्होंने कहा कि माता प्रकाश कौर कल्याण केंद्र न केवल बच्चों को शिक्षा दे रहा है बल्कि उन्हें जीवन जीने का हुनर भी सीखा रहा है।

मुझे गर्व है कि यहां आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचा। उन्होंने कहा कि हरियाणा श्रवण एवं वाणी निशक्तजन कल्याण समिति बेहतर कार्य कर रही है। जब से मेघा भंडारी ने बतौर चेयरपर्सन कार्यभार संभाला है, निशक्तजन कल्याण समिति की कार्यप्रणाली और बेहतरीन हो गई है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी बच्चों को दीपों के त्यौहार दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

माता प्रकाश कौर श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण केंद्र का योगदान अविस्मरणीय: जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता
भाजपा के जिलाध्यक्ष बृज गुप्ता ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि श्रवण एवं वाणी दिव्यांगजनों के लिए माता प्रकाश कौर निःशक्तजन कल्याण केंद्र का योगदान अविस्मरणीय है। यह केंद्र वर्षों से इन दिव्यांग बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहा है, यह अपने आप में अतुल्य कार्य है। इस केंद्र के लिए बड़ी उपलब्धि यह भी है कि शिक्षा के साथ-साथ यहां अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों को दीपावली की हार्दिक बधाई दी।

माता प्रकाश कौर श्रवण एवं वाणी निशक्तजन कल्याण केन्द्र करनाल की समृद्ध विरासत: मेघा भंडारी
हरियाणा श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण समिति, पंचकूला की चेयरपर्सन मेघा भंडारी ने कहा कि करनाल का माता प्रकाश कौर श्रवण एवं वाणी निशक्त जन कल्याण केंद्र करनाल की समृद्ध विरासत है। वर्षों से यह केंद्र सेवारत है और दिव्यांगजनों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा श्रवण एवं वाणी निशक्तजन कल्याण समिति भी प्रदेशभर में बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने इस दौरान सभी अतिथियों व बच्चों को दीपावली की हार्दिक बधाई दी।

कार्यक्रम में सभी अतिथियों ने दीपावली मेले में बच्चों के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए व्यंजनों को भी चखा। उन्होंने व्यंजनों की प्रशंसा की। इस दौरान संकल्प भंडारी, केन्द्र के सहायक निदेशक दिनेश सिंह व अन्य अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *