April 19, 2025
b93e95da-4cfc-43d3-ba45-d73a89ea6177
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रदेश में महिलाओं तथा बेटियों को सशक्त बनाने का काम किया है। भाजपा ने कई योजनाएं चलाई हैं जिनका लाभ बेटियों तथा महिलाओं को मिल रहा है। स्मृति ईरानी रविवार को करनाल में रेलवे रोड स्थित होटल प्रेम प्लाजा में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित कर रही थी।
इस अवसर पर मीना चौहान, मीना कांबोज, रेखा आनंद, निवर्तमान मेयर रेणु बाला गुप्ता व रेखा आनंद भी विशेष रूप से मौजूद थी। स्मृति ईरानी ने करनाल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी जगमोहन आनंद के लिए वोट करने की अपील की और भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के हित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार लगातार महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।
डबल इंजन की सरकार में महिला आगे बढ़ने के साथ सम्मान भी बढ़ा है। भाजपा सरकार में महिलाएं रोजाना नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। पहले की सरकार जाति और धर्म देखकर योजनाओं का लाभ देती थी। आज हर क्षेत्र में सभी लोगों को योजना का लाभ मिल रहा है। स्मृति ईरानी ने कहा कि एकमात्र भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसने राजनीति में भी महिलाओं को उनका हक देने का कार्य किया है।
उन्होंने दावा किया कि 8 अक्तूबर को भाजपा की सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री नायब सैनी महिलाओं को 2100 रुपए की सम्मान राशि और शिक्षा में बेटियों को प्रथम आने पर स्कूटी देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए अनेकों उल्लेखनीय कार्य किए हैं। नारी उत्थान, उनके सम्मान में भाजपा सरकार हमेशा अग्रणी रही है और आगे भी अग्रणी रहेगी। उन्होंने कहा कि पीएम ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देकर बेटियों को समाज में बराबरी का अधिकार देने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *