September 29, 2024

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को हरियाणा के मुलाना में जन आशीर्वाद रैली में कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में हरियाणा में केवल डीलर, दलाल और कांग्रेस के दामाद के लिए कार्य हुआ।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ करते हुए अमित शाह ने कहा कि सीएम नायब सैनी ऐसी प्रखर छवि के नेता हैं सत्ता में रहते हुए भी इनके सिर पर सत्ता नहीं चढ़ती है। आज भी हरियाणा के गरीब, दलित, पिछड़े, किसानों, महिलाओं के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री सैनी निरंतर प्रयास कर रहे हैं और आने वाले 5 वर्षों तक यह सिलसिला जारी रहेगा।

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार के राज में पर्ची और खर्ची से नौकरियां मिलती थी, लेकिन भाजपा ने लाखों युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां देने का काम किया है। भाजपा सरकार के शासन में केवल डाकिया घर पर आता है और नौकरी का नियुक्ति पत्र देकर चला जाता है।

भाजपा ने हरियाणा में भ्रष्टाचार को समाप्त करने का काम किया है। रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद,  जिलाध्यक्ष मनदीप राणा, बंतो कटारिया, अंबाला सिटी विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी असीम गोयल, मुलाना भाजपा प्रत्याशी संतोष सांगवान, पवन सैनी सहित अन्य नेतागण मंच पर उपस्थित रहे।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी केवल झूठ बोलने वाली एक मशीन है। कांग्रेस ने एमएसपी का मुद्दा उठाकर केवल जनता को भ्रमित करने का काम किया है, लेकिन मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की घोषणा करके किसानों को सम्मान देने का काम किया है।

कांग्रेस बाजरा नहीं खरीदती थी,  धान की फसल 30 प्रतिशत, गेहूं की 50 प्रतिशत फसलों की खरीद होती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने बाजरे का एमएसपी 2 गुना किया, गेहूं पर 75 प्रतिशत की वृद्धि की गई और अगले सीजन में धान 3100 रुपए के मूल्य पर खरीदने का काम भाजपा सरकार करेगी।

शाह ने किसानों से कहा कि राहुल गांधी के झूठ के बहकावे में न आयें। राहुल गांधी जवाब दें कि कांग्रेस शासित राज्यों की कितनी सरकारें बाजरा, मूंगफली, सरसों खरीदती हैं और किसान को भावांतर भी देती है? राहुल गांधी को रबी और खरीफ की फसलों का अंतर भी नहीं पता है। हरियाणा एक मात्र ऐसा राज्य हैं जहां सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में हर घर में शौचालयों का निर्माण करवाया गया, नल से जल पहुंचाया गया, गैस कनेक्शन दिए गए। भाजपा सरकार ने तय किया है कि 5 लाख नए पीएम आवास दिए जाएंगे, माताओं बहनों को हर महीने लाडो लक्षमी योजना के तहत 2100 रुपए दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *