September 28, 2024

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी गुरुवार को करनाल पहुंचे। पत्रकार वार्ता में उन्होंने करनाल से कांग्रेस प्रत्याशी सुमिता सिंह के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बहुमत से बनने जा रही है।

जनता ने कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट देने का मन बना लिया है, बस पांच अक्तूबर का इंतजार है। पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करनाल 10 वर्ष तक सीएम सिटी रहा। करनाल को स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर हजारों करोड़ का घोटाला हुआ।

उन्होंने कहा कि 10 सालों में हरियाणा में लोगों को लुटया (लूटना) ते कुटया (लाठीचार्ज) गया है। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि केंद्र सरकार हरियाणा और पंजाब में खेती और किसानी को बर्बाद करने की साजिश रच रही है। ऐसा हुआ तो दोनों राज्य आर्थिक तौर पर खत्म हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन काले कृषि कानून जबरन किसानों पर थोपने का काम किया। जब किसानों ने आंदोलन किया तो उन पर लाठियां बरसाई गई। किसान आंदोलन के दौरान 700 से ज्यादा किसान शहीद हो गए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के राज में कभी दलित वर्ग का भला नहीं हो  सकता।

दलित वर्ग के बच्चों को शिक्षा और नौकरियों से वंचित करने का काम किया जा रहा है। दलित वर्ग के बच्चों को मिलने वाली स्कोलरशिप को खत्म कर दिया गया। केंद्र सरकार शैडयूल कास्ट की दुश्मन बनी है और आरक्षण को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *