September 18, 2024

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री एवं हरियाणा चुनावों के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान आज नगरनिगम की पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता के निवास पर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज उन्होंने करनाल जिले की पांचों विधानसभाओं की समीक्षा की। भारतीय जनता पार्टी को पिछले दस सालों में करनाल जिले की अभूतपूर्व समर्थन रही है। इस बार भी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों को जितवाने के लिए अच्छी रणनीति बनाई है।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि वे करनाल विधानसभा से पांचों प्रत्याशी भारी मतों से रिकार्डतोड जीत दर्ज करेंगे। इस अवसर पर पूर्व मेयर रेणु बाला गुप्ता ने उनका स्वागत करते हुए भाजपा प्रत्याशियों को जीत दर्ज करवाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र  प्रधान ने कहा कि चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में अद्भुत उत्साह है।

पिछले दस सालों में किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं प्रदेश के वंचित वर्गों के लिए भाजपा ने पूरे प्रदेश में उल्लेखनीय कार्य किये है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं कांग्रेस का असली चेहरा नजर आने लगा है।  उन्होंने कांग्रेस के युवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछड़े एवं वंचितों के प्रति उनकी हल्की सोच उनकी घटिया मानसिकता को प्रकट करता है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा नायब सिंह सैनी ही है। उन्होंने आप पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों में वहां की जनता उन्हें गद्दी से उतार देगी। उन्होंने कहा कि वे पिछले दो महीने से हरियाणा का चुनावी दौरा कर रहे हैं और जनता में भाजपा के प्रति भारी उत्साह दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में एक बार फिर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी और विकास को नई ऊंचाईयों तक ले जाएगी और विकास के नये मापदंड स्थापित करेगी। उन्होंने कर्ण नगरी के लोगों से पुन: आह्वान किया कि वे भाजपा प्रत्याशियों को रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करवाकर विधानसभा में भेजने का काम करें। इस मौके पर बृज गुप्ता, सोनिया पंडित सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *