September 19, 2024

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एडवोकेट रोहित जैन पूर्व मंत्री विनोद शर्मा व उनकी पत्नी मेयर शक्ति रानी शर्मा पर निशाना साधा है। जैन ने कहा कि वे तो पहले ही कह चुके थे कि शर्मा परिवार भाजपा की बी टीम है। वैसे तो लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को समर्थन देने पर यह परिवार एक्सपोज हो चुका था।

मगर अब मेयर शक्ति रानी शर्मा के भाजपा में जाने से यह सच अंबाला शहर की जनता के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि शर्मा परिवार सालों से अंबाला शहर की जनता को मुर्ख बनाने की कोशिश कर रहा है। मगर इस बार जनता चौकस हो गई है।

इस बार अंबाला से हो जाएगी विदाई

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एडवोकेट रोहित जैन ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव के बाद शर्मा परिवार की अंबाला शहर से विदाई हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता इस परिवार के इरादे जान चुकी है। इनका  मकसद केवल अपने कारोबार को बचाने के लिए राजनीति करना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विनोद शर्मा की जिस हरियाणा जनचेतना पार्टी का एक भी एमएलए नहीं है उसका राज्यसभा सांसद है।

उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा  की मेहरबानी से हुआ था। जैन ने कहा कि इस बार अगर विनोद शर्मा व उनकी पत्नी चुनाव मैदान में आते हैं तो जनता ऐसा सबक सिखाएगी वे दोबारा अंबाला शहर की ओर मुंह नहीं करेंगे। जैन ने कहा कि यह परिवार सालों से जनता की बजाय अपने हित की राजनीति कर रहा है। पहले कांग्रेस से विधायक बनकर दस साल तक सत्ता का सुख लिया। इसके बाद कांग्रेस छोड़कर अपनी पार्टी बना ली। अब फिर अपने हितों के लिए भाजपा में शामिल हो गए।

जन समर्थन से बनेगी कांग्रेस की सरकार

रोहित जैन ने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर चल रही है। रिकॉर्ड सीटें जीतकर कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कद्दावर नेता कुमारी सैलजा खुद भाजपा को हर मोर्चे पर मात देने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि सैलजा की रैलियों में जिस तरह लोगों की भीड़ उमड़ रही है उससे साफ जाहिर है कि वे आने वाले दिनों में कांग्रेस सरकार की अगुवाई करेंगी। उन्होंने तमाम कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियां हर घर में पहुंचाने का आह्वान किया।

जैन ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तरह हर कार्यकर्ता को फील्ड में जाकर पसीना बहाना होगा। हर विधानसभा में भाजपा के प्रत्याशियों को करारी मात देनी होगी। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा सीट से कांग्रेस भी मजबूत प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की रणनीति बना रही है।

जल्द ही सभी प्रत्याशियों के नाम की घोषणा हो जाएगी। जैन ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है। भाजपा के दस साल के राज में पूरे प्रदेश का भठ्ठा बैठ गया है। अब कांग्रेस ही प्रदेश के विकास को नए सिरे से पटरी पर लेकर आएगी। उन्होंने अपने तमाम सहयोगियों से भी पार्टी को मजबूत बनाने के साथ हर घर में जाकर प्रचार करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *