September 20, 2024

हरियाणा में विधानसभा के लिए आज भाजपा की पहली लिस्ट आ सकती है। इसके लिए गुरुवार रात दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की मीटिंग में टिकटों पर चर्चा हुई। 55 उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर दिए हैं।

इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीएम नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के साथ अलग से बैठक की। यह बैठक करीब 20-25 मिनट तक चली है। बैठक में सर्वे रिपोर्ट पर भी विचार हुआ।

सूत्रों के अनुसार 4 मंत्रियों और 20 से अधिक विधायकों की टिकट कट सकती है। हाल ही में लोकसभा चुनाव लड़ने वाले कुछ उम्मीदवारों को भी टिकट मिल सकती है।

इससे पहले सुबह 8 बजे चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के घर बैठक हुई। इसके बाद सुबह 11 से शाम 4 बजे तक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के आवास पर हरियाणा कोर कमेटी का मंथन चला।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि 90 विधानसभा सीटों में से 55 सीटों पर गुरुवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से ठीक पहले हुई बैठकों में एक-एक नाम तय कर लिए गए थे। जबकि शेष सीटों पर दो-दो नाम तय किए गए थे। अब शेष सीटों पर आज मंथन हो सकता है।

परिवार के सदस्यों को भी चुनाव लड़ने दिया जाएगा। फिलहाल किसी मौजूदा सांसद या केंद्रीय मंत्री को टिकट नहीं दिया जाएगा। वर्ष 2019 में चुनाव हारे कुछ मंत्रियों को भी टिकट दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *