September 19, 2024
विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान होने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी पूर्ण रूप से चुनावी रण में कूद पड़ी है। अंबाला में चुनाव प्रचार का आगाज़ बुधवार को खुद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। अपने गृह जिला में पहुंचकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खूब गरजे।
नायब सिंह सैनी ने मंच से दावा किया कि हरियाणा में तीसरी बार बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है। मुख्यमंत्री ने अंबाला की धरती से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को भी खूब ललकारा और हुड्डा से उनके कार्यकाल में हुए घोटालों,भ्रष्टाचार व् नौकरियों में हुई धांधलियों का हिसाब मांगा।
इतना ही सीएम ने हुड्डा से सवाल पूछते हुए कहा कि आखिर क्यों हुड्डा ने दो-दो रुपये के चेक देकर किसानों को अपमानित किया था। बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को अंबाला शहर की नई अनाज मंडी में आयोजित “जन आशीर्वाद रैली” में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे।
जहां स्थानीय विधायक एवं हरियाणा सरकार में परिवहन व महिला एवं बाल विकास मंत्री असीम गोयल ने मुख्यमंत्री का अंबाला शहर पहुँचने पर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र के कोने कोने से आई जनता से खचाखच भरे पंडाल और विशाल जनसमूह को देख मुख्यमंत्री खूब गदगद हुए,तो वहीं जनता ने भी अपने लाडले मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इसके साथ ही अंबाला के व्यापारी इंजीनियर बलबीर सिंह को मुख्यमंत्री ने भाजपा का पटका पहनाकर भाजपा में शामिल किया।
कार्यक्रम में उमड़े अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र के जन सैलाब को संबोधित करते हुए सीएम ने कांग्रेस पार्टी व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को खरी खरी सुनाई। सीएम ने अपने संबोधन में एक के बाद एक कर हुड्डा से कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी भ्रम फैलाते हैं और आज भूपेंद्र सिंह हुड्डा तरह तरह के कार्यक्रम करके हमसे हिसाब मांग रहे हैं लेकिन मैं कहता हूं कि हम तो अपना हिसाब समय समय पर जनता को देते हैं लेकिन हुड्डा साहब आप ने अपने बहीखाते कहां छुपा रखे हैं वो भी जनता को बताएं।
सीएम ने कहा कि मैंने 10 सवाल पूछे थे भूपेंद्र सिंह हुड्डा से लेकिन आज तक न तो हुड्डा और न ही अन्य किसी कांग्रेसी ने उनका जवाब नहीं दिया। सीएम ने कहा कि हमारा हिसाब बिना पर्ची बिना खर्ची के नौकरी लगा युवा दे रहा है,हमारा हिसाब गरीब और बुजुर्ग दे रहा है। जिसका बीपीएल कार्ड घर बैठे बना है और पेंशन घर बैठे लगी है। हुड्डा ने गरीबों के साथ क्या किया,हुड्डा ने गरीबों को प्लॉट के नाम पर ना कागज़ दिया न कब्जा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा गरीब,किसान,युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए संकल्पबद्ध है। अपने संबोधन के अंत में सीएम ने अंबाला शहर विधानसभा की जनता से अपील करते हुए कहा कि आगामी 1 अक्तूबर के दिन ज्यादा से ज्यादा संख्या में कमल के निशान के सामने का बटन दबाकर प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलाने का काम हम सभी को करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *