September 20, 2024

हरियाणा के शहरी विकास एवं स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि हरियाणा सरकार हरियाणवी फिल्मों को बढ़ाने के लिए कटिबद्ध है। हरियाणवी सिनेमा में विकास की अपार संभावनाएं हैं। युवा पीढ़ी हरियाणा के लोक जीवन पर आधारित कहानियों पर फिल्मों का निर्माण कर रही है, जिसे लोग बहुत पसंद कर रहे हैं।

वे रविवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग तथा संस्कृति सोसाइटी फॉर आर्ट्स एंड कल्चरल डेवलपमेंट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 7वें हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के समापन अवसर पर बोल रहे थे।

शहरी विकास एवं स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में जो भी हरियाणवी फिल्म की शूटिंग करेगा हरियाणा सरकार व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा उसका पूर्ण सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणवी भाषा एवं सिनेमा का विकास हो रहा है।

भविष्य में इसके और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। हरियाणा से कई ऐसे कलाकार अपना सपना पूरा करने मुंबई आए और आज फिल्म इंडस्ट्री पर राज कर रहे हैं। हरियाणवी फिल्मों ने कई अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं और फिल्मी दुनिया में हरियाणा का परचम लहराया है।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि पहली बार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित हुए 7वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की सफलता को देखते हुए और युवाओं की भारी संख्या में भागीदारी को देखते हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा हर वर्ष हरियाणा अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव को आयोजित किया जाएगा।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के लिए नाटक विधाओं में कोर्स की शुरुआत भी की जाएगी जिसका लाभ अभिनय व सिनेमा में रूचि रखने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा। इसका उद्देश्य रंगमंच को अपना पेशा बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए तथा छात्रों को रंगमंच के अभ्यास के लिए तैयार करना है।

कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि 5 दिन तक चले फिल्म महोत्सव का आयोजन सफल रहा जिसमें कई मशहूर फिल्मों का प्रदर्शन किया गया और दर्शकों ने इसका भरपूर आनंद उठाया। उन्हांेने इस महोत्सव के आयोजन के लिए युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला  व फेस्टिवल निदेशक धर्मेन्द्र डांगी व उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, फिल्म स्टार अवतार गिल, राजेन्द्र गुप्ता, यशपाल शर्मा, शिशिर शर्मा, अजय हुड्डा, रामपाल बल्हारा, प्रवीन हिंगोनिया, शिखा लोचब, फेस्टिवल निदेशक धर्मेन्द्र डांगी, आयोजन सचिव विकास, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, धरोहर क्यूरेटर गुरचरण सिंह सहित गणमान्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *