September 19, 2024

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने रविवार को हिसार में बदलाव जनसभा की। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा, डॉ. मनीष यादव, पवन फौजी, संजय बूरा, वीरेंद्र शर्मा, उमेश शर्मा, संजय सतरोडिया, रविंद्र श्योराण, सुभाष कुंडू, दलबीर किरमारा, सीताराम, सतबीर झांझरिया, रामनाथ धुरवारिया, डॉ. सीपी गुप्ता, विजय चौधरीवास और राजेंद्र सोरखी भी मुख्य तौर पर मौजूद रहे।

सभा में उमड़े जन सैलाब को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुफ्त और 24 घंटे बिजली और अच्छे स्कूल-अस्पताल के लिए हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को मौका दे। ‘‘आप’’ की सरकार आपको मुफ्त व 24 घंटे बिजली, अच्छी शिक्षा-स्वास्थ्य, हर युवा को रोजगार व महिलाओं को एक हजार महीना देगी।

भाजपा सरकार में हरियाणा के अंदर सरकारी स्कूलों को बंद किया जा रहा है। यहां के बच्चे पढ़ने के लिए कहां जाएंगे। पिछले 10 सालों में भाजपा की सरकार ने आपके लिए कुछ नहीं दिया। इसलिए इस बार के चुनाव में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलनी।

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, हरियाणा के लाल हैं। हिसार के ही बेटे हैं और जब मेरी शादी हुई तो मैं यहीं आई थी। हिसार मेरा सुसराल है, 1994 में मेरी इनसे शादी हुई थी। उस समय उनका परिवार हिसार में रहता था। यहां उनके पिता नौकरी करते थे। अरविंद का जन्म तो सिवानी गांव में हुआ था, लेकिन उनकी पढ़ाई-लिखाई और परवरिश हिसार में हुई।

उन्होंने कहा कि कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि 20 साल बाद यह लड़का दिल्ली का मुख्यमंत्री बन जाएगा। ये कोई मामूली बात नहीं है। उनका जन्म 16 अगस्त 1968 को हुआ था। उस दिन कृष्ण जन्माष्टमी थी। यह भी कोई मामूली इत्तेफाक नहीं है।

उन्होंने कहा कि भगवान आपके बेटे से कुछ बड़ा करवाना चाह रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने पहली बार चुनाव लड़ा और वे दिल्ली के मुख्यमंत्री बन गए। उन्होंने देश की राजनीति में भूचाल लाने का काम किया। ऐसे-ऐसे काम किए, जो कोई भी पार्टी नहीं कर पाई।

आज पूरी दुनिया में लोग अरविंद केजरीवाल को उनके कामों से जानते हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली और पंजाब के सरकारी स्कूल अच्छे कर दिए। गरीबों के बच्चों का भविष्य उज्जवल कर दिया।

शानदार मोहल्ला क्लीनिक और अस्पताल कर दिए, जहां मुफ्त और अच्छा इलाज होता है। उन्होंने बिजली फ्री कर दी। महिलाओं को बस में फ्री सफर करने की सुविधा दी। बुजुर्गों के लिए फ्री तीर्थ यात्रा कर दी और अब हर महीने हर महिला को एक हजार रुपए की सम्मान राशि देने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी ने जनता के लिए ये काम नहीं किए हैं। जनता बताए कि क्या कोई ऐसी पार्टी है, जिसने स्कूल अच्छे किए हों, मोहल्ला क्लीनिक बनाए हों या सरकारी अस्पताल अच्छे किए हों, किसी ने बिजली फ्री की हो? ऐसे काम केवल हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल ही कर सकते हैं।

इसलिए मोदी जी अरविंद केजरीवाल से जलते हैं। इसलिए अरविंद केजरीवाल को फर्जी केस में जेल में डाल दिया। वो कहते हैं कि अरविंद केजरीवाल चोर है। मैं कहती हूं कि अगर अरविंद केजरीवाल चोर हैं तो इस दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है।

उन्होंने कहा कि बंग्लादेश में भी विपक्षी नेताओं के जेल में डाला हुआ था, वहां जबरदस्त विद्रोह हुआ तो वहां की प्रधानमंत्री को देश छोड़कर भागना पड़ा। भगवान की लाठी में देर हो सकती है, अंधेर नहीं, तानाशाही का अंत होता है। मोदी जी ने अरविंद केजरीवाल को नहीं हरियाणा के बेटे को जेल में डाला है। मोदी जी ने हरियाणा के लोगों को ललकारा है। मैं हरियाणा की बहू आपसे पूछती हूं कि क्या हरियाणा की जनता अपने बेटे का अपमान चुपचाप सहन करेगी? केजरीवाल शेर हैं और वो मोदी जी के सामने झुकेंगे नहीं।

उन्होंने कहा कि कुछ दिन बाद हरियाणा में विधानसभा चुनाव हैं। बीजेपी को एक भी सीट नहीं जानी चाहिए। अरविंद केजरीवाल को भारी बहुमत से जीताना है। ये बात अरविंद केजरीवाल की नहीं है, ये हरियाणा की इज्जत का सवाल है। हमें नलवा में जनसभा करनी थी, लेकिन वहां अनाज मंडी ही नहीं है। इसके अलावा न सरकारी स्कूल है और न सरकारी अस्पताल है।

बीजेपी ने आयुषमान कार्ड तो दिए हैं लेकिन प्राइवेट अस्पताल में इलाज नहीं करवा सकते। क्योंक सरकार उनको पैसे नहीं देती। किसान को ट्यूबवेल का कनेक्शन नहीं मिलता। जनता हर चीज पर टैक्स देती है। इसलिए जनता को अधिकार है कि सरकार उनको अच्छी शिक्षा, अच्छी चिकित्सा, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं दे। बीजेपी ने जनता को 10 साल में कुछ नहीं दिया। उनको विकास से कोई मतलब नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *