September 10, 2025
WhatsApp Image 2024-08-08 at 18.31.30

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश आम आदमी पार्टी कार्यालय में प्रेस वार्ता की। उनके साथ सुरेंद्र राठी और अनिल मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार हरियाणा के लोगों से नफरत करती है।

जब हरियाणा की बेटी विनेश देश के लिए गोल्ड मेडल के लिए बढ़ रही थी, तो लोग सिल्वर मेडल जीतने की बधाइयां दे रहे थे। लेकिन, मोदी जी ने कोई बधाई का संदेश नहीं आया। हरियाणा के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेताओं का कोई संदेश नहीं आया। इसके साथ उन्होंने कैबिनेट की मीटिंग को लेकर भी सीएम नायब सिंह पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि पूरे देश को पता था कि विनेश फाइनल में पहुंचने वाली देश की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। लेकिन, बीजेपी नेताओं को शायद ये पता था कि कुछ और होने वाला है। हमें ये बाद में पता चला कि 100 करोड़ लोगों के देश को 100 ग्राम की साजिश में उलझा दिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी रूस और यूक्रेन की लड़ाई को रुकवाने का दम भरते हैं। लेकिन, ओलंपिक में हमारी बेटी-हमारी बहन के साथ जो घटना घटी, उसको रोकने में प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी सरकार विफल रहे।

उन्होंने कहा न सही तरीके से विनेश का पक्ष रखा गया। ना ही बाकी सपोर्ट स्टाफ का ढंग से साथ मिला। विशेषज्ञों की राय के अनुसार, सिल्वर मेडल सुनिश्चित किया जा सकता था। लेकिन, विनेश को प्रतियोगिता से अयोग्य करार दे दिया गया।

हमारे सारे ओलंपिक से जुड़े ये सब देखते रहे। जब सिल्वर मेडल सुनिश्चित हुआ तो प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी रात में एक ट्वीट भी नहीं कर सके। अपने मन की बात नहीं कह पाए। ये सब देश के लोगों में शंका पैदा करते हैं कि कहीं हमारी बेटियों के खिलाफ कोई साजिश तो नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि जिस तरीके का बीजेपी सरकार का बेटियों के साथ व्यवहार रहा है। प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार ना तो इन बेटियों के साथ जंतर मंतर पर खड़ी हो पाई, ना ही ओलंपिक में अत्याचार हुआ ना वहां खड़ी हो पाई।

इस पूरे मामले में बीजेपी की केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने जनता को निराश किया है। अभी भी सीएम कह रहे हैं वही सम्मान मिलेगा जो सिल्वर मेडलिस्ट को मिलता है, विनेश ने पूरी दुनिया और देश का दिल जीता है। वो हमारी नजरों में गोल्ड मेडलिस्ट से कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि ये हमेशा याद रखा जाएगा, कैसे ओलंपिक में विनेश फोगाट से उनका गोल्ड साजिश करके छीन लिया गया। हम सब इस मुश्किल घड़ी ने विनेश फोगाट और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।

हम और आम आदमी पार्टी उनकी लड़ाई में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। हम शुक्रवार को हर जिले में विनेश फोगाट के समर्थन में खड़े होंगे और उनके साथ सभी खिलाड़ियों की आवाज को बुलंद करने का काम करेंगे।

उन्होंने हरियाणा के सीएम नायब सिंह को घोषणा मंत्री कहते हुए कहा कि सीएम ने खुद माना कि हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन और एचएसएससी बंद पड़ी हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में युवाओं को नौकरी देने में विफल हैं।

उन्होंने कहा कि सीएम जुमले देकर प्रदेश की जनता को बेवकूफ बनाने का काम कर रहे हैं। एक लाख 20 हजार कर्मचारियों को पक्का करने का झूठ बोला गया। एचकेआरएन को शुरू हुए केवल तीन साल हुए हैं, और मुख्यमंत्री बोल रहे हैं जिनको पांच साल हो हुए उनको हम पक्का करने का सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने कहा एचकेआरएन में एक साल की नौकरी के बाद कितने कर्मचारी दूसरे साल में कंटिन्यू किए जाते हैं। सीएम नायब सिंह हरियाणा के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। जो पूरी तरह से विफल साबित होगा।

नायब सिंह ने कहा कि पांच साल होने पर बेसिक पे पर 5% का इंक्रीमेंट देंगे जोकि सरकारी कर्मचारी को 3% प्रतिवर्ष के हिसाब से बराबर समय में 15% मिलता है। वहीं आठ साल के बाद 10% और 10 साल के बाद 15% देने की घोषणा की। जबकि खट्टर साहब ने एचकेआरएन शुरू करते समय खुद कहा था कि ये पक्की नौकरी नहीं है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन और एचएसएससी के दरवाजे तो बंद हैं। लेकिन, एचकेआरएन के द्वारा हम कच्चे कर्मचारियों को पक्के करेंगे। जोकि महज एक चुनावी जुमला है। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि हम विनेश को सिल्वर मेडलिस्ट का सम्मान देंगे।

जबकि बीजेपी सरकार ने आजतक ओलंपिक में तैयारी के लिए दिए जाने वाले 5 लाख रूपयों की राशि  नहीं दी है। इसी से पता चलता है कि इनकी खिलाड़ियों के प्रति क्या सोच है। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने ओलंपिक जाने वाले सभी खिलाड़ियों के खाते में रवाना होने से पहले 15 लाख की राशि डलवाई।

उन्होंने कहा कि सीएम ने खरीफ की फसल के लिए किसानों को दो हजार प्रति एकड़ बोनस की घोषणा की। क्या पिछले नौ साल में एक बार भी कम बारिश नहीं हुई? जो आप चुनावों के समय घोषणा कर रहे हो।

पिछले साल बाढ़ के समय 1 लाख 35 हजार किसानों ने पोर्टल पर मुआवजे के लिए आवेदन किया था। बीजेपी सरकार ने एक लाख से ज्यादा किसानों को मुआवजे का एक रुपया नहीं दिया था। उनके आवेदन ही रद्द कर दिए गए।

पिछले साल बाढ़ का मुआवजा दे नहीं पा रहे, और चुनावी फायदे के लिए जुमले फेंक रहे हैं। मुख्यमंत्री 24 फसलों पर एमएसपी देने की बात तो कर रहे हो, लेकिन हरियाणा में 10 से ज्यादा फसलें तो होती नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह खट्टर सरकार के 9 सालों के पापों का प्रायश्चित करने का काम करें। झूठी घोषणाओं का अब समय नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *