October 5, 2024

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं समाज को नई दिशा दिखाती हैं। इतना ही नहीं लोगों को अच्छे शिक्षा व संस्कार और सही रास्ता दिखाकर उनके जीवन में बदलाव लाने का कार्य कर रही हैं व सामाजिक बुराइयों को दूर करने तथा लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाती हैं। इन संस्थाओं में ब्रह्माकुमारी संस्था भी एक है।

मुख्यमंत्री आज धन्यवादी दौरे के दौरान सेक्टर 9 स्थित ब्रह्म कुमारी में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं अंधकार में डूबे लोगों के जीवन में प्रकाश लाने का काम करती हैं। सामाजिक संस्थाएं समाज में फैली बुराइयों को खत्म करना अपना ध्येय समझती हैं। ब्रह्म कुमारी संस्था भी न केवल लोगों में जागरूकता ला रही है, बल्कि सामाजिक बुराइयों को खत्म करने में अहम भूमिका निभा रही है।

इतना ही नहीं यह संस्था किसानों को जैविक खेती करने तथा फसलों में कम से कम दवाइयों का प्रयोग करने के प्रति भी जागरूक करती है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों में आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में वन विभाग ने धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर करीब 20 हजार पौधे ऑक्सीवन पार्क में लगाने का कार्य किया और इस कार्य में ब्रह्म कुमारी संस्था ने भी बढ़-चढ़ कर सहयोग दिया है। मुख्यमंत्री ने ब्रह्मकुमारी आश्रम के लिए 11 लाख रूपये देने की घोषण की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता का आह्वान किया है कि एक पेड़ मां के नाम लगाएं। उन्होंने यह भी कहा कि इस संकल्प को पूरा करने के लिए हर परिवार अपने छोटे से छोटे और बड़े से बड़े कार्यक्रम में एक पौधा अपने बच्चों के नाम लगाएं और उन पौधो का संरक्षण भी करें।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता की इस दौड़ में पर्यावरण दूषित हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए पौधों का रोपण ही एकमात्र उपाय है। उन्होंने कहा कि जहां पौधे अधिक होते हैं, वहां वातावरण तो शुद्ध होता ही है, वहां बीमारियां भी कम होती हैं।

उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में अबकी बार तापमान 50 डिग्री पर पहुंच गया था जो कि एक रेड सिग्नल है, जिससे सचेत रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दूषित होने के कारण आज ऋतुओं के समय में भी बदलाव हो रहा है और निरंतर भूजल भी घटता जा रहा है। घटते भूजल को लेकर हमें आने वाली पीढ़ी के बारे में चिंता करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *